• तरबूज सबसे ज्यादा पसंद कर रहे जानवर।

संवाददाता
कानपुर। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे जानवरों की डाइट में रस वाले फलों की मात्रा बढ़ाई गई है।
बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी का असर अब कानपुर चिड़ियाघर के जानवरों की डाइट पर भी दिखने लगा है। प्रशासन ने वन्य जीवों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए उनकी ‘समर डाइट’ शुरू की है। इसके तहत रोजाना करीब 100 किलो ककड़ी, खीरा, खरबूजा और तरबूज जानवरों को खिलाया जा रहा है।
चिड़ियाघर प्रशासन के मुताबिक सबसे ज्यादा तरबूज का इस्तेमाल किया जा रहा है, क्योंकि इसमें पानी की मात्रा अधिक होती है। हिप्पो, हिरन और गैंडे इसे बड़े चाव से खा रहे हैं।
जू के डॉ. नासिर ने बताया कि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है, वैसे-वैसे जानवरों की डाइट में रस वाले फलों की मात्रा बढ़ाई गई है। शाकाहारी जानवरों को खास तौर पर खरबूजा, तरबूज, खीरा और ककड़ी दी जा रही है, ताकि उनके शरीर में पानी की कमी न होने पाए।
जानकारी के अनुसार हिप्पो और गैंडे को रोजाना 5 से 6 किलो तक तरबूज दिया जा रहा है। वहीं अन्य शाकाहारी जानवरों को 2 से 3 किलो खीरा और ककड़ी खिलाई जा रही है। इसके अलावा मौसमी सब्जियों में लौकी, तोरई और कद्दू भी डाइट में शामिल किए गए हैं, जिनमें पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे जानवरों को गर्मी से राहत मिल सके।
डॉ. नासिर ने बताया-हर सुबह फल मंडी से ताजे फल और सब्जियां मंगवाई जाती हैं। जू कीपर पहले इन्हें अच्छी तरह साफ करते हैं, फिर इन्हें करीब एक घंटे तक पानी में ठंडा किया जाता है, ताकि जानवरों को ठंडे और ताजे फल मिल सकें।






