
अ स. संवाददाता
कानपुर। दहेज के लोभी ससुराल वालों ने महिला के हाथ की नस काट दी। घायल पीड़िता खुद ही अपना इलाज कराने पहुंची। उसने पति व अन्य ससुराल वालों पर तीन लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग करने का आरोप लगाया है ।
रायपुरवा थाने में तहरीर देकर पति समेत अन्य ससुरालवालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी है। पुलिस के मुताबिक मामले में जांच की जा रही है।
भैरोघाट रोड निवासी प्रियंका के मुताबिक शक्कर मिल खलवा रायपुरवा निवासी आकाश उर्फ राजा से उसका विवाह हुआ था। विवाह के कुछ दिनों बाद ही ससुरालीजनो का व्यवहार बदल गया। पीड़िता से बात बात पर झगड़े शुरू हो गए। उन्होंने दहेज की मांग करना शुरू कर दिया। ससुराल वालों ने तीन लाख रुपए अतिरिक्त दहेज की मांग करते हुए कहा कि रूपये न मिलने पर इसी तरह का गलत व्यवहार होता रहेगा। पीड़िता के मुताबिक उसने ससुराल वालों को बहुत समझाने का प्रयास किया। उन्हें यह भी बताया कि पिता ने कर्ज लेकर शादी की थी, मगर ससुराल वाले मानने को तैयार ही नहीं थे।
पीड़िता के मुताबिक इसी दौरान शादी के बाद उसने एक बेटे को जन्म दिया। पीड़िता का कहना है कि पति शराब पीकर उसे मारता था और बाकी ससुराल वाले उसकी इस हरकत में उसका सहयोग करते थे।
पीड़िता के मुताबिक 18 जनवरी 2025 को पति और ससुराल वालों ने उसे बेरहमी से पीटा और चाकू से उसके बांये हाथ की नस काट दी। जिससे वो बेहोश होकर गिर पड़ी। सुबह जब होश आया तो वो खुद डाक्टर के यहां दिखाने पहुंची। जहां पर उसके हाथ में आठ टांके लगे।
घर पहुंचने के बाद ससुराल वालों ने उसे पांच दिनों तक घर में बंद रखा और निकलने नहीं दिया। जब मायके वालों ने हस्तक्षेप किया तब वह ससुराल से बचकर निकल पाई है।
इंस्पेक्टर रायपुरवा संतोष कुमार गौर ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज की गई है, मामले में जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पीड़िता को जो भी चोट पहुंचाई गई है, उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा।