
आ स. संवाददाता
कानपुर। सभी रंग हमारे जीवन पर अपना विशेष प्रभाव डालते है। सही रंगों के चयन से अपने जीवन में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
न्यूजर्सी की पैनटोन कलर इंस्टीट्यूट ने एक विशेष रंग मोचा मूस (गहरा भूरा रंग) को वर्ष का रंग घोषित किया है।
टैरोकार्ड रीडर नितिशा मल्होत्रा ने बताया कि रविवार को गहरे भूरे रंग को अपनाने से मंगल व सूर्य का प्रभाव बढ़ेगा और हमारी जीवनशैली में काफी बदलाव आएंगे।
टैरोकार्ड रीडर नितिशा मल्होत्रा ने बताया कि वर्ष 2025 मंगल का साल है। गहरा भूरा रंग गर्मजोशी का प्रतीक है, जिसको सप्ताह के दिनों के हिसाब से अपनाने से मंगल व सूर्य का प्रभाव बढ़ेगा और जीवनशैली में काफी बदलाव आएंगे।
सोमवार को सफेद रंग के साथ गहरे भूरे रंग के कांबिनेशन का प्रयोग व गुड़ से बनी खीर शिवलिंग पर चढ़ा कर खाने से दुखों का नाश होगा।
मंगलवार को लाल नारंगी रंग का इस्तेमाल करने से अच्छे परिणाम मिलेंगे। बुधवार को हरे रंग का इस्तेमाल करने से बौद्धिक शक्ति बढ़ेगी। गुरुवार को पीला रंग व शुक्रवार को भड़कीले वस्त्रों का प्रयोग करने से प्रेम और सौहार्द का योग बढ़ेगा। शनिवार को बैंगनी रंग का इस्तेमाल करें। धन की प्राप्ति के लिए गुड़ से बनी खीर मां लक्ष्मी को भोग लगा कर वितरित करें।
इसी प्रकार ज्योतिषाचार्य गौरव तिवारी के अनुसार साल 2025 में हरा, पीला, नारंगी व गहरा भूरा रंग अच्छा माना जा रहा है।
मेष राशि के लोग लाल, नारंगी व सफेद रंग की टीशर्ट पहने, जिससे ऊर्जा के साथ आत्मविश्वास बढ़ेगा।
वृष राशि के लिए हरा व गुलाबी रंग स्थिरता लाएगा। मिथुन राशि के जातकों के लिए पीला, हल्का नीला और हल्का हरा रंग भाग्यशाली साबित होने वाला है, जो मानसिक तनाव के साथ उलझनों को कम करने में मदद करेगा।
कर्क राशि के लिए शुभ रंग सफेद व नीला है, जो जातक को शांति व सकारात्मकता प्रदान करेगा। सिंह राशि के लोग सुनहरे व नारंगी रंग के कपड़ों का इस्तेमाल करें, जो नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा देगा। कन्या राशि के लोग हरे व भूरे रंग के कपड़े पहने, जिससे उनके सौभाग्य व समृद्धि में इजाफा होगा।
वहीं तुला राशि के जातकों के लिए शुभ रंग नीला व गुलाबी है, जो प्रेम और धन में सहायता करेगा। वृश्चिक राशि वालों के लिए गहरा लाल रंग, काला, नीला व बैंगनी रंग शुभ है। इन रंगों की शर्ट पहनने से लाभ की प्राप्ति होगी।
धनु राशि के लोग पीले रंग का रुमाल जेब में रखे, जिससे उन्हें हर क्षेत्र में बेहतर परिणाम मिलेंगे। मकर राशि के लोगों को काले और गहरे भूरे रंग का प्रयोग करने से भाग्य मजबूत रहेगा। कुंभ राशि के जातकों के लिए नीला और बैंगनी रंग भविष्य में आगे बढ़ने में सहायता प्रदान करेगा। वहीं मीन राशि के लिए समुद्री हरा और सफेद रंग भाग्यशाली है, इसके प्रयोग से जीवन अध्यात्म की ओर प्रेरित होगा।