April 19, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
कल्याणपुर स्थित आईआईटी मेट्रो स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग हवा में उछल गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के नानकारी निवासी 60 वर्षीय शेर सिंह साइकिल से काम पर जा रहे थे। जैसे ही वह आईआईटी मेट्रो स्टेशन के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि शेर सिंह कई फीट दूर जा गिरे। हादसा देखकर मौके पर मौजूद लोग तुरंत पहुंचे और डायल 112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा हादसा रिकॉर्ड हो गया है। पुलिस फुटेज के आधार पर कार का नंबर ट्रेस कर चालक की पहचान करने में जुटी है।
घटना की जानकारी पुलिस ने घायल के मोबाइल के जरिए परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने कार चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार चालक की पहचान की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।