
संवाददाता
कानपुर। नगर में संचालित हो रही सिटी बसों के संचालन के समय में बदलाव किया गया है। अब यात्रियों को पहले से ज्यादा समय तक बस सेवा का लाभ मिल सकेगा। कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के अनुसार, अब शहर की सिटी बसें सुबह 5:30 बजे से लेकर शाम 7:30 बजे तक अलग-अलग रूटों पर संचालित होंगी। पहले ये बसें सुबह 6 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक ही चलती थी।
गर्मी के मौसम में यात्रियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि सुबह जल्दी और शाम को देर तक बसें चलने से लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। खासकर नौकरी पेशा लोगों और छात्रों को इसका लाभ मिलेगा।
कानपुर शहर में इस समय कुल 98 सिटी बसें चल रही हैं, जिनमें से 92 इलेक्ट्रिक बसें हैं। ये बसें शहर के प्रमुख मार्गों पर सेवाएं दे रही हैं। रामादेवी से आईआईटी के बीच का रूट सबसे व्यस्त माना जाता है, जहां यात्रियों की संख्या सबसे ज्यादा रहती है।
नई व्यवस्था के तहत अब इस रूट पर पहली बस सुबह 5:30 बजे रामादेवी से चलेगी, जबकि आखिरी बस शाम 7:30 बजे रवाना होगी। यह बस टाटमिल चौराहा, झकरकट्टी बस स्टैंड, अफीम कोठी, अनवरगंज, जरीब चौकी, गुमटी, कोकाकोला चौराहा, गोल चक्कर, रावतपुर, गुरुदेव, यूनिवर्सिटी होते हुए कल्याणपुर और आईआईटी तक जाएगी। यह बस करीब रात 9 बजे आईआईटी पहुंचेगी। शहर के इस रूट पर अभी मेट्रो सेवा उपलब्ध नहीं है।
कानपुर सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड के प्रबंधक अभिनव ने बताया कि सिटी बसों के समय में यह बदलाव यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है। इससे लोगों को काफी राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन का उपयोग भी बढ़ेगा।






