• दोनों बाइक सवार थे बिन हेलमेट।

संवाददाता
कानपुर। दो बाइको के बीच आमने सामने हुई टक्कर में बहुत बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में तीन युवकों की मौत हो गई और भाई बहन बुरी तरह से घायल है।
बिल्हौर थाना क्षेत्र के उत्तरीपुरा कस्बे में एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा जीटी रोड पर यूनियन बैंक के पास हुआ, जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सभी सवार सड़क पर जा गिरे।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी पांचों घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवराजपुर भेजा। जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद रघुवर, जतिन राठौर और ओमजी को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल और उनकी बहन कविता को प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर कर दिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों बाइकों पर सवार युवक बिना हेलमेट के थे, जिससे हादसे में ज्यादा गंभीर चोटें आईं और तीन की जान चली गई। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। सीएचसी पहुंचे परिजन अपने बच्चों की मौत की खबर सुनकर बेहाल हो गए। गांव और कस्बे में भी शोक की लहर दौड़ गई।
उत्तरीपुरा निवासी ओमजी बचपन से ही संघर्ष कर रहे थे। पिता के निधन के बाद वह मेडिकल स्टोर चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे। उनके परिवार में मां और दो बहनें हैं, जिनका अब सहारा छिन गया।
जतिन राठौर अपने परिवार का मेहनती सदस्य था और मोमोज का काम करता था। एक वर्ष पहले ही उसके बड़े भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। अब दूसरी बार हादसे ने परिवार को गहरा सदमा दिया है।
खजुरिया निवादा निवासी रघुवर अपने पिता के साथ खेती-किसानी में हाथ बंटाता था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चौकी प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।






