July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। पहाड़ों पर बर्फबारी के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी छुड़ा दी है। बादलों की आवाजाही से भले ही दिन और रात का पारा चढ़ गया हो, लेकिन सर्दी का अहसास बढ़ गया है। बर्फीली हवाएं चलने से तापमान गिरने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में सर्दी यूं ही बनी रहेगी। दिन में हल्के बादल रहेंगे। पहाड़ों के शहरों के मुकाबले मैदानी शहर के दिन ज्यादा ठंडे हो रहे हैं। देहरादून में जहां अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री रहा है। वहीं कानपुर, अलीगढ़ और मेरठ शहर  में देहरादून से भी कम तापमान रिकॉर्ड किया गया है। यूपी में रविवार को न्यूनतम पारा 5.7 डिग्री रहा था जो सोमवार को बढ़कर 7.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। बादलों की आवाजाही से तापमान में वृद्धि हो गई। फिर भी यह सामान्य से कम है। इसी तरह अधिकतम तापमान 22.8 से 23 डिग्री सेल्सियस हो गया। प्रदेश में बीते 24 घंटे की तापमान की बात करें तो अयोध्या का न्यूनतम तापमान सबसे कम दर्ज किया गया। यहां 5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है। यूपी में अधिकतम तापमान सबसे कम बिजनौर का 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं बहराइच 26.4 डिग्री के साथ प्रदेश में सबसे गर्म शहर रहा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर 17.1 डिग्री सेल्सियस था। सोमवार को यह अंतर घटकर 15.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। अंतर कम हो जाने से दिन-रात सर्दी अधिक रही। बर्फ से ढके पहाड़ों से गुजर कर आ रही तेज हवाओं ने भी सर्दी बढ़ाने में मदद की। हवा की औसत गति 2.4 किमी प्रति घंटा रही। इस दौरान अधिकतम गति 8 से 10 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। इससे दिन में भी सर्दी का अहसास  रहा।सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हल्के बादलों के कारण रात का तापमान चढ़ सकता है, लेकिन दिन का पारा कम या सामान्य बना रहेगा। फिलहाल सर्दी का  अहसास बना रहेगा। ओस गिरेगी, लेकिन कोहरा सीमित या न के बराबर ही रहेगा। अगले 4 दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। वाराणसी में गुलाबी ठंड का सिलसिला जारी हैं और धूप खिल रही है। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा । अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है। मौसम साफ हैं ग्रामीण क्षेत्रों में हल्की धुंध देखने को मिली है। मौसम विभाग की मानें तो अगले 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News