संवाददाता। कानपुर। कानपुर नगर निगम ने महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें नमन किया। नगर निगम मुख्यालय में रामधुन संगीत का हुआ आयोजन किया गया। इस मौके पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा का भी आयोजन हुआ। महापौर प्रमिला पांडेय ने सबसे पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। गांधी जयंती के मौके पर रामधुन भी बजाई गई। महापौर ने कहा कि आज ही के दिन भारत के दो ऐसे महान सपूतों का जन्म हुआ, जिन्होंने अपने महान कर्मों से पूरे भारत को अपना कर्जदार बना लिया। महात्मा गांधी और शास्त्री जी को सच्ची श्रद्धांजलि यही है कि हम उनके बताए आदर्श मार्ग पर चलने के लिए कृत संकल्पित रहें। कहा कि गांधीजी का सम्पूर्ण जीवन त्याग, तपस्या और अहिंसा का पर्याय है। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादा जीवन उच्च विचार के साथ ’जय जवान जय किसान’ का जो नारा दिया वह आज भी प्रासंगिक है। यह दोनों ही महामानव थे। इनके आदर्श ही जीवन जीने की उज्ज्वल राह हैं। गांधी जयंती के मौके पर 23 सितंबर को शुरू हुई अखंड सफाई अभियान का समापन भी हुआ। इस मौके पर महापौर प्रमिला पांडे ने सभी कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया और परिसर में पौधारोपण किया। इस मौके पर उपसभापति संतोष साहू, पार्षद पवन पांडे, पार्षद विद्या शर्मा, पार्षद अरुण कुमार गर्ग, अखिलेश बाजपेई, नगर आयुक्त शिवशरणप्पा जीएन समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।