July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। कन्नौज में हुई 67वीं मंडल स्तरीय जूडों प्रतियोगिता में पूरे मंडल से करीब 70 खिलाड़ियों ने अलग-अलग भार वर्ग की स्पर्धा में प्रतिभाग किया था। इसमें कानपुर के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन दिखाते हुए कानपुर मंडल टीम में जगह बना पाने में सफल हुए है। यह खिलाड़ी मुरादाबाद में होने वाली मंडलीय स्तर की प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने जाएंगे। कन्नौज में हुई प्रतियोगिता में नगर की सुनैना, स्वीटी व नंदिनी ने अलग-अलग भार वर्ग में अपनी छाप छोड़ते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है। दिव्यांशी व रुखसाना ने रजत पदक जीता। स्नेहा, उन्नति ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। बालक वर्ग में सत्यम, सक्षम, मनु तिवारी ने अलग-अलग स्पर्धा में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। आयुष, अक्षत मिश्रा, अभिषेक, अविरल मिश्रा ने रजत पदक जीता। वहीं, फैज, गुरमीत सिंह ने कांस्य पदक जीतकर शहर का मान बढ़ाया है। यह सभी खिलाड़ी डीएवी पब्लिक स्कूल पनकी के छात्र-छात्राएं हैं। मुरादाबाद में 13 से 16 अक्तूबर के बीच होने वाली मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में यह खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए इन खिलाड़ियों को स्कूल में प्रशिक्षकों द्वारा बेहतर प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रधानाचार्य संजीव शर्मा ने कहा कि इन खिलाड़ियों को स्कूल में प्रशिक्षण दिलाने का मकसद है कि यह खिलाड़ी आगामी प्रतियोगिता की अच्छी तैयारी करें और राष्ट्रीय स्तर की टीम में शामिल होकर प्रदेश का गौरव बढ़ाए। प्रधानाचार्य संजीव शर्मा ने प्रतियोगिता से वापस आने के बाद सभी खिलाड़ियों को विद्यालय में सम्मानित किया। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को खेल के प्रति जागरुक करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल भी बहुत जरूरी है। खेल से हमारे स्वस्थ्य मास्तिष्क का विकास होता है। बालिकाओं को आत्म रक्षा के लिए जूडो कराटे जैसी विधाओं में आगे आकर अपना हुनर दिखाना चाहिए। समय-समय पर विद्यालयों में भी इसका प्रशिक्षण शिविर लगाना चाहिए। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News