April 26, 2025

संवाददाता।
कानपुर। यूपी में पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। ये सितम अभी अगले 3 दिनों तक जारी रहेगा। वहीं, न्यू ईयर पर 13 जिलों में बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश में 6.5°C के साथ बिजनौर सबसे ठंडा शहर रहा।हालांकि पूरे दिसंबर माह की बात करें तो 7 साल बाद औसत तापमान सबसे ज्यादा रहा। यानी कि अन्य साल के मुकाबले इस बार दिसंबर गर्म रहा। अधिकतम औसत तापमान 24.5°C रहा। अभी एक भी दिन शीतलहर या कोल्ड-डे रिकॉर्ड नहीं किया गया। प्रदेश में अधिकतम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन में भी काफी सर्दी हो रही है। झांसी में अधिकतम तापमान में एक ही दिन में 10°C तक की गिरावट हुई। यहां अधिकतम तापमान 13.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके बाद लखनऊ का तापमान 8°C तक गिरा, यहां 13.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं शाम ढलते ही सर्दी ने लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर दिया। मौसम विभाग के मुताबिक, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बदायूं, बरेली, शाहजहांपुर, लखीमपुर-खीरी, सीतापुर और बाराबंकी में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कांशीरामनगर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, बहराइच, पीलीभीत, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, अयोध्या, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, बलिया, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, गोरखपुर और संतकबीरनगर में घना कोहरा छाया रहेगा। कानपुर सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर दोनों ही जगहों से नम हवाएं लगातार आ रही हैं। इसकी कंटीन्यूटी बनी है। वहीं पहाड़ों में ताजा बर्फबारी ने भी मैदानी इलाकों में सर्द हवाओं को बहने पर मजबूर कर दिया है। नए साल की शुरुआत बारिश के साथ होगी। ये स्थिति 1 जनवरी से 3 जनवरी तक बनी रहेगी। एक जनवरी को कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली, जालौन, फतेहपुर, झांसी, ललितपुर, महोबा, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज और प्रतापगढ़ में बारिश के आसार बने हुए हैं। मौसम विज्ञानी डॉ. पांडेय के मुताबिक, पूरे दिसंबर माह की बात करें तो 7 साल बाद सबसे गर्म रहा। अधिकतम औसत तापमान 24.5°C रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले साल 2016 में 24.5°C रिकॉर्ड हुआ था। इस साल 30 दिसंबर तक एक भी दिन शीतलहर या कोल्ड डे दर्ज नहीं किया गया। वर्ष 2017 में भी पूरे महीने एक भी दिन शीतलहर या कोल्ड डे दर्ज नहीं हुआ था। जबकि बीते सालों में कोल्ड डे या शीतलहर में से एक या दोनों दर्ज हुए थे। इस बार दिसंबर में पश्चिमी विक्षोभ भी कमजोर रहा। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो मौसमी दिशाओं में आए बदलाव के कारण दिसंबर गर्म रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो 6 साल बाद वर्ष 2023 के दिसंबर में औसत न्यूनतम तापमान करीब 8.47°C रहा। इससे पहले साल 2017 में औसत न्यूनतम तापमान 9.1°C दर्ज किया गया था। कोहरे का असर शनिवार को ट्रेन, बस और हवाई सेवाओं पर पड़ा। दिल्ली, मुंबई, दक्षिण भारत के रूटों की 54 ट्रेनें कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचीं। लेट ट्रेनों में से 17 की डेट बदल गई। इसका मतलब इन ट्रेनों को 29 दिसंबर को आना था, पर कानपुर सेंट्रल पर 30 दिसंबर को आईं। ट्रेनों की लेट लतीफी के चलते 4576 यात्रियों ने टिकट लौटाए तो कनेक्टिंग आरक्षण की वजह से 287 को दूसरी ट्रेनों में सफर की छूट दी गई। इसके अलावा रोडवेज बसों और फ्लाइटों पर भी इसका असर रहा। फ्लाइटें कानपुर एयरपोर्ट से देर से उड़ी। कोहरे की वजह से दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइटें कानपुर से देरी से उड़ी। बेंगलुरु फ्लाइट दोपहर 12:46 बजे आई, पर दोपहर डेढ़ बजे के बाद उड़ान भरी। कानपुर दिल्ली फ्लाइट समय से देरी से उतरी। यह फ्लाइट 13:47 बजे उतरी और 14:51 बजे उड़ी। इसी तरह मुंबई फ्लाइट कानपुर 15:20 बजे उतरी और 16:19 बजे उड़ी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *