
संवाददाता।
कानपुर। आज लखनऊ और कानपुर में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी के 10 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वानुमान है कि बादल छाए रहेंगे। इससे तापमान में तेजी से गिरावट जारी रहेगी। बुधवार को बिजनौर और बरेली सबसे सर्द शहर रिकॉर्ड हुए। दोनों उत्तराखंड से सटे हुए हैं। यहां तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। वहीं, बहराइच 26.4 डिग्री सेल्सियस के साथ यूपी का सबसे गर्म शहर रिकॉर्ड हुआ। जिन जिलों में कोहरे का अलर्ट है। उनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मुरादाबाद और रामपुर शामिल हैं। मौसम विभाग ने बताया कि पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के देहरादून में अधिकतम तापमान 23.4 और न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जबकि बरेली में अधिकतम तापमान 19.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 5 डिग्री दर्ज किया जा रहा है। इसके अलावा अयोध्या, मेरठ का तापमान भी देहरादून, हरिद्वार और रुड़की से कम है। सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डा. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, आने वाले 3 दिनों तक बादल छाए रहेंगे। दिन के तापमान में कमी आएगी। रात का तापमान भी गिरेगा। जनवरी की शुरुआत कड़ाके की ठंड के साथ होगी। फिलहाल अभी बारिश की कोई संभावना नहीं बन रही है। डॉ. पांडेय के मुताबिक पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाएं और तेजी से चलेंगी। मंगलवार को कानपुर मंडल में 5.7 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। वहीं आज 10 से 12 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। ये हवाएं ठंड में काफी तेजी से इजाफा करेंगी। शीतलहर चलने की भी संभावना है।