July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में इस बार नए वोटर बनने में युवा पीछे रह गए हैं। जबकि महिलाओं ने ज्यादा रुचि दिखाई है। डेढ़ महीने चले अभियान में 54 हजार से ज्यादा महिलाओं ने नए वोटर बनने के लिए आवेदन किए। जबकि 18 से 19 आयु वर्ग के युवाओं ने पहली बार मतदाता बनने के लिए 29643 हजार फार्म भरे। अब मतदाता सूची का प्रकाशन पांच जनवरी को किया जाएगा। वर्ष 2019 में 35,10,872 कुल मतदाता थे। जिसमें 19,05,444 पुरूष और 16,05,184 महिला मतदाता थे। लोकसभा चुनाव से पूर्व मतदाता बनाने के लिए 27 अक्तूबर से नौ दिसंबर तक अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी विधानसभाओं में शिविरों का भी आयोजन किया गया। इन डेढ़ महीनों में जिले की सभी दस विधानसभा क्षेत्रों में कुल 99228 लोगों ने फार्म छह के तहत नए वोटर बनने के लिए फार्म भरे। इनमें 54,089 महिलाओं ने आवेदन पत्र भरकर जमा किए। वहीं 18 से 19 आयु वर्ग के 29,643 युवाओं ने पहली बार मतदाता बनने के लिए आवेदन किए। वहीं, 219 दिव्यांगों ने भी वोटर बनने के लिए आवेदन किए। जिले के दस विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता बनने के लिए सबसे ज्यादा फार्म बिठूर विधानसभा में जमा हुए। यहां 13,101 लोगों ने फार्म जमा किए। इनमें 6,879 महिलाओं और 3,941 फार्म 18 से 19 आयु वर्ग के युवाओं ने जमा किए। वहीं, सबसे कम सीसामऊ विधानसभा में 6,763 लोगों ने वोटर बनने में रुचि दिखाते हुए फार्म जमा किए। इनमें 3,832 महिलाओं और 2,181 युवाओं ने फार्म जमा किए। एडीएम एफआर व उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार के मुताबिक 5 जनवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News