July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर के नरवल थाना क्षेत्र स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में यौन उत्पीड़न की रोकथाम के लिए जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यहां डायट सभागार में शिक्षा निदेशक व डायट प्राचार्य राजेश कुमार वर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि डायट प्राचार्य राजेश वर्मा ने दीप प्रज्वलित किया एवं मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया। कार्यक्रम संयोजक दीप  देवी तथा कार्यक्रम संचालक अनूप कुमार पटेल द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा तथा उद्देश्यों पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. बनदेवी कुमारी सिंह (बिन्दू) ऑल इंडिया वूमेन डेवलपमेन्ट एण्ड सोसाइटी उपस्थित रही। डॉ. बिन्दू ने प्रशिक्षुओं को बताया कि हमें सदैव सरल, सहज और सजग रहना चाहिए। कभी अगर आपको यह महसूस हो कि कोई आपको अथवा किसी अन्य महिला को गलत इरादे से घूर रहा है अश्लील साहित्य दिखाने की कोशिश कर रहा है, लैंगिक अनुकूलता की मांग एवं लैंगिक अतियुक्त टिप्पणियां इत्यादि कर रहा है तो आप तुरन्त अपने माता-पिता, मित्र अथवा किसी हितैषी को तुरन्त सूचित करें, ऐसा न करना ही बड़ी घटनाओं के रूप में हमारे सामने आता है। साथ ही अनेक उपबन्धो/कानूनों पर चर्चा की जो महिलाओं की सुरक्षा हेतु बनाए गए है। उन्होंने बताया कि कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न, लैंगिक समानता, जीवन और स्वतंत्रता को लेकर महिलाओं के अधिकारों का उल्लंघन है। कार्य स्थल पर महिलाओं के लिए अनुरूप वातावरण न होने की स्थिति में उनके लिए वहां कार्य करना मुश्किल हो जाता है और अगर ऐसे में यौन उत्पीड़न होता है तो महिलाओं की भागीदारी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। इस वजह से, देश की महिलाओं आर्थिक सशक्तिकरण और उनके समावेशी विकास पर भी प्रतिकूल प्रभाव होता है। कार्यक्रम में प्रवक्ता साधना सिंह, अनीता, साधना साहू आदि उपस्थित रही। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News