July 27, 2024

संवाददाता
कानपुर।
नगर के बिल्हौर स्थित प्रभा सनराइज विद्यालय में कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे टीवी सीरियल रामायण में भगवान राम का अभिनय करने वाले अरुण गोविल का लखनऊ एयरपोर्ट से लेकर बिल्हौर तक जगह-जगह जोरदार स्वागत किया गया। वहीं विद्यालय में चल रहे वार्षिकोत्सव में बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। अरुण गोविल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार बहुत जरूरी हैं। शिक्षा और संस्कार हमें स्कूल टीचर, माता-पिता और आसपास के परिवेश से मिलते हैं। उन्होंने कहा कि अच्छी शिक्षा पाकर हम बड़े पद पर पहुंच सकते हैं, लेकिन अच्छे संस्कारों के समावेश से हम खुशहाल जीवन जीते हैं। कहा कि रामायण हमें जीना सिखाती है। जन्म से लेकर मृत्यु तक हर कदम पर हम  राम नाम लेते हैं। उन्होंने राम-रावण के बीच हुए संवाद का भी मंचन किया।रामायण के राम के बिल्हौर में चरण पड़ते ही जय श्री राम के जयकारे लगने लगे। पूरा बिल्हौर राम के रंग में रंग गया। विश्व हिंदू परिषद के स्थानीय पदाधिकारियों से लेकर जिले और प्रान्त तक के पदाधिकारी राम का दीदार करने के लिए प्रभा सनराइज स्कूल पहुंचे। स्कूल को भगवा रंग से सजाया गया। इससे पहले बिल्हौर कस्बे में नगर पालिका चौराहे पर अयोध्या के राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों की मौजूदगी में पूजित अक्षत कलश का पूजन किया। यूँ तो अयोध्या में 22 जनवरी को राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा होनी है। जिसके लिए सरकार एक पांव पर खड़ी है। पूरे देश में  अलग माहौल तैयार किया जा रहा है। उससे तकरीबन एक महीने पहले ही राम के पवित्र चरण बिल्हौर की धरती पर आज पड़े। स्कूल में प्रबंधक राजू कटियार और प्रधानाचार्य मनोज द्विवेदी ने अरुण गोविल का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व सांसद अंजू बाला, विधायक राहुल बच्चा सोनकर आरएसएस के प्रांत प्रचारक राम जी , जिलाध्यक्ष अपना दल बबलू कटियार, एडवोकेट अमित श्रीवास्तव, अवनीश कटियार आदि लोग मौजूद रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News