July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर।
नगर में आज क्रिसमस डे के मौके पर हर तरफ खुशियों का माहौल छाया हुआ है। आधी रात चरनी में प्रभु यीशु का जन्म होते ही चर्चों और घरों में खुशी का माहौल छा गया। गीत गूंजने लगे, जिंगल बेल्स- जिंगल बेल्स…,शोर दुनिया में यह हो गया, आज पैदा मसीह हो गया…। जगमग दीप जले फिर केक काटकर खुशियां मनाई और एक दूसरे को हैप्पी क्रिसमस, मेरी क्रिसमस कहते हुए मुबारकबाद दी। चर्च रंग बिरंगी रोशनी से नहाए हुए थे। सेंट फ्रांसिस जेवियर्स चर्च, अशोक नगर में ख्रीस्त जयंती महोत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। पूरे चर्च कैंपस को क्रिसमस ट्री, सितारे एवं रंग बिरंगी लाइट्स से सजाया गया। कैरोल सिंगिंग में सभी ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रभु यीशु के जन्म के गीत खुशी से गाए। आधी रात को चर्च की घंटियां बजाकर और प्रतिमा के सामने लगा पर्दा हटाकर प्रभु यीशु मसीह के इस दुनिया में आने का उद्घोष किया गया। सुबह से ही सभी एक-दूसरे को क्रिसमस की बधाई दे रहे हैं। एडॉप्ट फाउंडेशन ने कंचनपुर तात्या टोपे नगर में क्रिसमस सेलिब्रेशन किया। मनोज मैकार्टिस के साथ क्रिसमस गीत गाए गए। जन्म उत्सव की कथा को लघु नाटिका से प्रस्तुत किया गया। पादरी नवीन एम सैमुअल ने प्रभु यीशु का संदेश सुनाया।चेयरपर्सन मरियम आज मैकार्टिस, वंदना कुमार, कल्पना कुमार, वायलेट मैसी, आनंद मैसी, नवीन रॉबिन्सन, एडवोकेट क्वीनी कुमार, विजेता सैमुअल रहे। सेंटा क्लाज ने चर्चों और घरों में चॉकलेट व उपहार आदि बांटे। आधी रात के बाद इनका आकर्षण अधिक हो गया। बड़ी संख्या में बच्चे सेंटा बने थे जो क्रिसमस की खुशियों में सराबोर थे। उपहार लेने और देने का सिलसिला जारी रहा। न्यू लाइफ चर्च, काकादेव में पादरी डायमंड जोसेफ ने प्रार्थना कराई। वहीं शहर में लोग सेंटा बनकर उपहार बांट रहे हैं। फादर दीपक ओस्वाल्ड डिसूज़ा, फादर जॉर्ज मेडापल्ली और फादर रजत ने चर्च में सभी के लिए मिस्सा पूजा बलिदान चढ़ाया और विश्व शांति की प्रार्थना की। फादर जार्ज मेडापल्ली ने लोगों को क्रिसमस का संदेश दिया। उन्होंने देश में भाईचारे, एकता व मानवता का संदेश दिया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News