July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर।
उत्तर प्रदेश में कोहरे के अलर्ट के बीच सोमवार को 2 शहरों में 9 वाहनों की टक्कर हो गई। पहली घटना झांसी और दूसरी हाथरस की है। झांसी में एक मिनी टूरिस्ट बस अपने आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। इस दौरान पीछे से आ रहा ट्रक भी बस में आ घुसा। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई। जबकि 15 लोग घायल हैं। बस सवार सभी लोग बागेश्वर धाम से ग्वालियर जा रहे थे। घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। घटना मेडिकल बाइपास के पास झांसी-कानपुर हाईवे की है। हाथरस में सिकंदराराऊ में नेशनल हाईवे-9 पर एक डंपर बीच रास्ते में खड़ा था। तभी घने कोहरे के कारण पीछे से आ रहे वाहन एक दूसरे से टकराते चले गए। हादसे में 6 वाहनों की भयानक टक्कर हो गई। एक कंटेनर गाड़ी में ड्राइवर फंस गया। पुलिस ने गाड़ी का अगला हिस्सा काटकर ड्राइवर को बाहर निकाला। इसमें एक पुलिसकर्मी के हाथ में भी चोट आ गई। यहां पर हालात इस कदर खराब हो गए कि 3 थानों की पुलिस ने बचाव कार्य संभाला। इस दौरान हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। उधर, आज सुबह से लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी समेत पूरे यूपी में घना कोहरा छाया है। आगरा, वाराणसी और झांसी में दृश्यता  200 मी से कम है। लोग सड़क पर गाड़ियों की लाइट जलाकर चल रहे हैं। अलीगढ़ और मेरठ में लोगों को ठंड से बचने के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है। मुजफ्फरनगर सबसे सर्द शहर रहा मौसम विभाग ने 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। बाराबंकी और अयोध्या में कोहरे का ऑरेंज अलर्ट है। रविवार की बात करें, तो मुजफ्फरनगर 5.3 डिग्री तापमान के साथ सबसे ठंडा रहा। जबकि बहराइच सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है। जिन 34 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट है। उनमें सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, हरदोई, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, मैनपुरी, फिरोजाबाद, आगरा, इटावा, औरैया, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया और बहराइच शामिल हैंं। वाराणसी में आज सुबह घना कोहरा छाया था । इसकी वजह से दृश्यता घटकर 200 मीटर पहुंच गई है। सुबह का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 4KM/H की रफ्तार से हवा चल रही है। इसके साथ ही हल्की धूप निकली है। रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा 27.6 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 डिग्री अधिक 11.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, वाराणसी में आज तक ही घने कोहरे का अनुमान है। इसके बाद मौसम मे  अगले 5 दिन तक कोहरा और धूप का मिला-जुला असर  रहेगा। सहारनपुर में पिछले कई दिनों से मौसम सामान्य है। सूरज के निकलने के साथ-साथ ठंडी हवाएं शरीर में ठिठुरन पैदा कर रही है। इसके साथ ही रोजाना मौसम में उतार चढ़ाव की स्थिति बनी रहती है। आज सुबह से ही आसमान साफ है। अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस हो गया है। 3KM/H की रफ्तार से हवाएं चल रही है। 9.66 किलोमीटर की विजिबिलिटी है। झांसी में सोमवार को लगातार तीसरे दिन घना कोहरा छाया है। विजिबिलिटी 200 मीटर होने के कारण हाईवे पर वाहन चलाने में परेशानी हुई। वहीं, 3 दिन से खुलकर धूप नहीं निकलने के कारण ठिठुरन बढ़ गई है। लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने का प्रयास कर रहे हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि जनवरी के पहले सप्ताह तक इसी तरह कोहरा पड़ेगा और ठंड बढ़ जाएगी।प्रयागराज में सोमवार को मौसम सामान्य है। शहर में हल्का ठंड है। मगर, गलन से लोगों को राहत मिली है। आज सुबह का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, अभी मौसम साफ रहेगा। आगरा में सोमवार सुबह भी घना कोहरा छाया हुआ है। इसकी वजह से विजिबिलिटी 100 मीटर है। बिल्कुल भी साफ नही दिखाई दे रहा है। सुबह 9 बजे कालिंदी विहार चौराहे पर वहां दिन में लाइट जलाकर निकलते हुए दिखाई दिए। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस है। गाजियाबाद में फॉग की चादर छाई हुई है। न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास है। सुबह 7 बजे के वक्त विजिबिलिटी बहुत कम थी। इससे वाहन चालकों को चलने में परेशानी हुई। नोएडा में सुबह से धूप निकली है। मौसम विभाग के मुताबिक, न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 24 डिग्री तक रहेगा। हवा में नमी की मात्रा 95 प्रतिशत के आसपास है। वही, हवा की रफ्तार 8 किलोमीटर प्रतिघंटा है। मेरठ में सुबह कोहरा छाया रहा। हालांकि की आठ बजे के बाद हल्की धूप निकली। मौसम विभाग के मुताबिक, दिन में हल्की शीत लहर चलने की संभावना है। सुबह का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री रहा। दिन में 25 डिग्री तक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News