July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड शुरू हो चुकी है। आज 13 जिलों में बारिश का पूर्वानुमान है। वहीं यूपी के अधिकतर जिलों में घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग ने वेस्ट यूपी के लिए 23 से 25 दिसंबर तक घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। कल से यूपी में शीतलहर चलने का अनुमान है। कंपाने वाली ठंड और बढ़ेगी। राजधानी लखनऊ के आउटर इलाकों में शनिवार को घना कोहरा रहा। वहीं, कानपुर, इलाहाबाद में भी रात को कोहरा गिरा। सुबह 7 बजे तक यहां कोहरे की चादर छाई रही कानपुर और झांसी में कोहरे की वजह से 7 वाहनों में टक्कर हुई है। हादसे में 8 लोग घायल हुए हैं। कानपुर की बात करें तो शनिवार सुबह कोहरे की वजह से 3 डंपर आपस में टकरा गए। हादसे में डंपर चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ है। घायलों को घाटमपुर सीएचसी से हैलट अस्पताल रेफर किया गया। ड्राइवर ने बताया कि सुबह कोहरा होने की वजह से सामने से आ रहा डंपर नहीं दिखा और हादसा हो गया। पुलिस ने क्रेन से वाहनों को किनारे करवाया है। वहीं, झांसी में कोहरे की वजह से आपस में 4 वाहन टकरा गए। इसमें एक ज्वैलर्स की मौत हो गई। वहीं हादसे में 5 लोग घायल हुए हैं। सभी को झांसी मेडिकल कॉलेज में एडमिट करवाया गया है। हादसा शनिवार सुबह करीब 7 बजे झांसी-खजुराहो हाईवे पर बेतवा नदी के नए नॉटघाट पुल पर हुआ। सबसे पहले एक डंपर ने आगे चल रही आपे को टक्कर मारी। बाइक से टकराते हुए आपे पलट गई। इसके बाद पीछे आ रही एक कार डंपर में घुस गई। लखनऊ के मौसम की बात करें तो शनिवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। हालांकि शहर के कुछ हिस्सों में कोहरा नहीं था। सुबह 9 बजे के करीब धूप निकली। लखनऊ में आज दिन का तापमान 22°C और रात का तापमान 10°C रहने का पूर्वानुमान है। वहीं, लखनऊ में शुक्रवार को तड़के हल्का कोहरा रहा और सुबह तक धुंध छायी रही। दोपहर के बाद हल्की धूप निकली। यहां दिन का तापमान 22.5°C और रात का तापमान 9.2°C रिकॉर्ड हुआ। कानपुर की सीएसए यूनिवर्सिटी के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक, देश में सर्दियों का मौसम चल रहा है। दिन छोटे हो गए हैं, लेकिन 22 दिसंबर का दिन साल का सबसे छोटा दिन और रात सबसे लंबी रही। दरअसल, भूगोल की भाषा में इसे शीत अयनांत कहते हैं। लंबवत से 23.5° कोण पर झुकी है। हर साल 21 या 22 दिसंबर को सूर्य की किरणें दक्षिणी गोलार्द्ध में स्थित मकर रेखा पर सीधी पड़ती हैं। जिसके चलते उत्तरी गोलार्द्ध सूर्य से सबसे अधिक दूर होता है और इसी वजह से उत्तरी गोलार्द्ध में इस समय ठंड का मौसम होता है और यह साल का सबसे छोटा दिन होता है। इस दिन उत्तरी गोलार्द्ध में दिन की अवधि 10 घंटे 19 मिनट की होती है। वहीं, रात 14 घंटा 21 मिनट की होती है। वहीं, 21 जून को सूर्य की किरणें उत्तरी गोलार्द्ध में स्थित कर्क रेखा पर लंबवत होती हैं। इस वजह से उस समय उत्तरी गोलार्द्ध में गर्मी का मौसम होता है और वह दिन साल का सबसे लंबा दिन होता है। इसे ग्रीष्म अयनांत कहा जाता है। मौसम विज्ञानी के मुताबिक, पहाड़ों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया। इसका असर मैदानी क्षेत्रों में भी पड़ना शुरू हो गया। आज से यूपी में हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। आज से हवाएं चलना शुरू हो जाएंगी, कल यानी 24 दिसंबर से शीतलहर का रूप ले लेंगी शीतलहर के साथ ही कोहरे की चादर भी बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, रामपुर, बदायूं, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर-खीरी, सीतापुर, बहराइच, बाराबंकी, श्रावस्ती, गोंडा और बलरामपुर में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News