July 27, 2024

संवाददाता।
कानपुर। नगर में सजेती थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार हेड कांस्टेबल को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक सवार फालोवर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फालोवर को हमीरपुर अस्पताल पहुंचाया है। हेड कांस्टेबल के परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। नौबस्ता थाना क्षेत्र निवासी 45 वर्षीय प्रमोद यूपी पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग बांदा जीआरपी स्टेशन में है। रविवार देर रात हेड कांस्टेबल प्रमोद बांदा के जमालपुर निवासी अपने साथी फालोवर 40 वर्षीय मुन्ना के साथ बाइक से घर जाने को निकले थे। देर रात जैसे ही बाइक सवार सजेती थाना क्षेत्र के अनूपुर मोड़ के पास पहुंचे ही थे, कि पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मोरंग लोड डंपर ने बाइक सवार हेड कांस्टेबल को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में हेड कांस्टेबल की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक सवार फालोवर गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने सड़क पर दोनों को पड़ा देखा, तो फोन करके घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी मिलते मौके पर पहुंची सजेती पुलिस ने घायल फालोवर मुन्ना को गंभीर हालात में एंबुलेंस की मदद से हमीरपुर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उसका इलाज जारी है। वहीं हेड कांस्टेबल के परिजनों को सूचना देने के साथ शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। हादसे के बाद घबराएं डंपर चालक ने घटनास्थल से महज सौ मीटर दूर पर हाइवे किनारे डंपर खड़ा करके भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर सजेती थाने में खड़ा कराया है। पुलिस चालक की तलाश में जुटी है। घायल 40 वर्षीय फालोवर मुन्ना ने बताया कि प्रमोद के मोबाइल फोन पर उनके घरवालों से बात हो रही थी। वह खाना बना रहा था। तभी थोड़ी देर बाद हेड कांस्टेबल उससे बोले की चलो घर चलते है। कल दोपहर तक वापस लौट आयेंगे। जिसके बाद दोनों बाइक से साथ में घर के लिए निकले थे। तभी यह हादसा हो गया। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related News