February 22, 2026

संवाददाता

कानपुर। रसूलाबाद के  गांधीनगर इलाके में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई, जहां एक परचून कारोबारी के पुत्र ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई और परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मूल रूप से कठारा गांव के निवासी करुणा शंकर मिश्रा काफी समय से गांधीनगर, रसूलाबाद में अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। वे कस्बे में परचून का कारोबार करते हैं। शुक्रवार को उनके पुत्र ने किसी कारणवश घर के अंदर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का पता चलने पर परिजनों में चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की। इस दौरान परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम न कराने का आग्रह किया। परिजनों की मांग को देखते हुए पुलिस ने पंचनामा भरने की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार लंबे समय से कस्बे में रहकर अपना व्यवसाय कर रहा था और इस तरह की घटना से सभी स्तब्ध हैं। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे के कारणों का पता चल सके।

Related News