February 17, 2026

संवाददाता

कानपुर।  पिछले कई दिनों से कानपुर शहर के मौसम का मिजाज दिन और रात के साथ दो अलग-अलग रंग दिखा रहा है। दिन में तेज धूप के बाद शाम ढलते ही ठंडक अपना असर दिखाने लगती है।
आज सुबह के समय मौसम साफ रहा। लेकिन उत्तर पश्चिम दिशा से आ रही सर्द हवाएं ठंडक को बरकरार रखे थी। सुबह के समय घरों से निकले लोग गर्म कपड़ों में लिपटे हुए नजर आए। मौसम विशेषज्ञ का कहना है कि आने वाले 48 घंटे में इसी तरह का मौसम बना रहेगा।
सुबह-सुबह ठंडी हवाओं के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए। 

सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम रहा। न्यूनतम और अधिकतम तापमान के बीच ढाई गुने से अधिक का अंतर साफ तौर पर महसूस किया जा रहा है।

दूसरी ओर, जैसे-जैसे सूरज आसमान में चढ़ता है, मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल जाता है। दोपहर में निकल रही तेज धूप गर्मी का एहसास कराती है। धूप में खड़े होने पर ऐसा लगता है मानो सर्दी ने अचानक विदाई ले ली हो। हालांकि, धूप के बीच-बीच में चलती सर्द हवाएं यह याद दिलाती रहती हैं कि मौसम अभी पूरी तरह गर्म नहीं हुआ है।
दिन में लोग हल्के कपड़ों में दिखते हैं, तो शाम होते ही फिर से जैकेट और स्वेटर निकल आते हैं। अधिकतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा रहा।
मौसम के इस उतार-चढ़ाव का असर लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। डॉ. प्रवीण कटियार ने बताया कि दिन में गर्मी और रात में ठंड के कारण सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायतें बढ़ रही हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और दिन-रात के अनुसार खुद को ढालने की जरूरत है। इस समय जरा सी लापरवाही स्वास्थ्य पर भारी पड़ सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में कानपुर मंडल में तेज धूप निकलने की संभावना है। हवाओं की गति भी बढ़ेगी। दिन व रात के तापमान सामान्य से उपर बने रहेंगे। बारिश की कोई संभावना नहीं है। 

Related News