February 23, 2026

• बेटी के सपने पूरे होने पर मिलेगी पति की आत्मा को शान्ति।

संवाददाता 

कानपुर। मधुमक्खियों के हमले से मरे शहर के अम्पायर मानिक गुप्ता की पत्नी ने उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से हर संभव मदद की उम्मीद की है। उन्होंने दोनों संघों से यह उम्मीद लगाई है कि उनके पति ने जिनके प्रति अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया उनके परिवार के लिए वह अब कुछ कर सकते हैं ।उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सबसे छोटी बेटी के सपने पूरे होने के बाद ही उनके मृतक पति की आत्मा को शांति मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि सबसे छोटी बेटी घाट पर अस्थियां लेने गई, बेटियों ने पिता के शव को कंधा दिया। जो सबसे छोटी है, उसने कपालक्रिया की, मुखाग्नि दी। बेटों वाला काम किया है। उनका कोई बेटा नहीं, अब उनका सहारा कौन बनेगा।वही एक सहारा थे, मेरी तो पूरी जिंदगी खराब हो गई मानिक गुप्ता के परिवार में पत्नी कुसुमलता और चार बेटियां हैं। तीन बेटियों की शादी हो चुकी है। सबसे छोटी बेटी समृद्धि है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। कुसुमलता ने बताया- मानिक हमेशा कहते थे कि वे अपनी छोटी बेटी को सरकारी नौकरी करते देखना चाहते हैं। समृद्धि 18 साल की है और इण्टर कक्षा की पढ़ाई कर रही है। वे उसे आगे जे ई ई की तैयारी भी कराना चाहते थे। मानिक 19 साल के थे तभी से केसीए में जुड़े थे। पहले क्रिकेट खेलते थे, फिर अंपायरिंग करने लगे। उसी से घर चल रहा था।  बेटी पढ़ना चाहती है, उसका सपना पूरा हो जाए। 

बड़ी बेटी बोलीं केसीए और यूपीसीए मदद करे बड़ी बेटी प्रियंका ने कहा- हम चाहते हैं कि हमें आर्थिक मदद मिले। अब घर में केवल मेरी छोटी बहन और मां हैं। केसीए और यूपीसीए यानी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन से मदद मिलनी चाहिए। 

राहुल बोले- मैं दो अस्पताल ले गया, वहां एंटी डोज नहीं थी मानिक गुप्ता को अस्पताल ले जाने वाले राहुल सप्रु ने बताया- जैसे ही पता चला कि मानिक को मधुमक्खियों ने काटा है, मैं तुरंत पहुंचा और अपनी गाड़ी से उन्हें शुक्लागंज के दो अस्पतालों में लेकर गया। वहां बताया गया कि एंटी डोज उपलब्ध नहीं है।इसके बाद मैं उन्हें सीधे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राहुल सप्रू  ने कहा है उनके परिवार के लिए जरूर कुछ करेंगे। 

साथी अंपायर ने कहा- मधुमक्खियों ने एक नहीं, तीन बार हमला किया अंपायर फीलखाना में परिवार के साथ रहते थे। उनकी चार बेटियां हैं। बड़ी बेटी प्रियंका है। इसके बाद दीपिका और श्वेता हैं। तीनों की शादी हो चुकी है। चौथी बेटी समृद्धि इंटरमीडिएट की छात्रा है। प्रत्यक्षदर्शी और मानिक गुप्ता के साथी अंपायर सुनील कुमार निषाद ने बताया कि बुधवार को राहुल सप्रू मैदान पर अंडर-13 क्रिकेट लीग का मैच था। इसमें मानिक अंपायरिंग करने पहुंचे थे।

ग्राउंड में करीब 40-45 लोग मौजूद थे। सुबह 7 बजे जब बच्चे ग्राउंड पर पहुंचे और अपनी किट उठाने जा रहे थे, तभी पहली बार मधुमक्खियों ने हमला किया। सुबह 8 बजे कुछ मधुमक्खियों ने खिलाड़ियों को काट लिया। इसके बाद साढ़े 8 बजे अचानक मधुमक्खियों का पूरा झुंड टूट पड़ा। करीब 15 मिनट तक पूरे ग्राउंड में अफरा-तफरी मची रही और मधुमक्खियों ने सभी को काटा।50 से ज्यादा मधुमक्खियों ने अंपायर को घेरा, 10 मिनट हमला किया प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उस समय मानिक गुप्ता मैदान के पास बैठे थे। मधुमक्खियों से बचने के लिए वो भागने लगे, लेकिन गिर पड़े। इसके बाद 50 से अधिक मधुमक्खियों ने उन्हें घेर लिया और करीब 10 मिनट तक लगातार हमला किया। उम्र अधिक होने और हृदय रोगी होने के कारण उनकी हालत बिगड़ गई।