March 12, 2026

संवाददाता

कानपुर।  बिधनू थानाक्षेत्र के रमईपुर गांव में बुधवार सुबह 4 बजे कच्चे मकान की जर्जर छत गिरने से 6 वर्षीय बच्ची और उसकी दो अन्य बहनें घायल हो गई। शोर सुनकर दौड़े परिजनों ने बच्चियों को मलबे से निकाला और सीएचसी ले गए, जहां गंभीर रूप से घायल मासूम की मौत हो गई।
बिधनू के प्रमोद कुमार किसान हैं इसके साथ ही वह मजदूरी भी करते हैं। परिवार में पत्नी पूजा और दो बेटे व तीन बेटियां हैं। पिता ने बताया कि मंगलवार रात उनकी 6 वर्षीय बेटी पीहू अपनी दो बहनों प्रांशी और अंकिता के साथ कच्चे कमरे में सो रही थी। पिता प्रमोद ने बताया कि तड़के करीब चार बजे वह बेटे प्रियांशु को टायलेट कराने के लिए ले गए थे।
अचानक कच्चे कमरे की जर्जर छत भरभराकर ढह गई। जिससे तीनों बेटियां मलबे में दब गई। शोर सुनकर परिजनों ने मोहल्ले के लोगों की मदद से तीनों को निकाला और बिधनू सीएचसी ले गए। जहां डाक्टरों ने गंभीर रूप से घायल पीहू को मृत घोषित कर दिया। जबकि अंकिता और प्रांशी को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। 

बिधनू थाना प्रभारी ने बताया कि कच्ची जर्जर छत गिरने से हादसा हुआ है राजस्व विभाग के अधिकारियों को सूचना दे दी गई है।