February 25, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  बिल्हौर थाना क्षेत्र के अल्लीपुर करुआमऊ गांव के जंगल में एक संरक्षित वन्यजीव नीलगाय की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी बंदूक, बारूद, पोटाश, रांगा के गोले और 58 छर्रे बरामद किए हैं।

यह घटना तब सामने आई, जब ग्रामीणों ने जंगल की झाड़ियों से गोली चलने की आवाज सुनी। अनहोनी की आशंका पर नितिन अपने मित्र सुमित और उमेश के साथ मौके पर पहुंचे। वहां उन्हें एक मृत नीलगाय मिली और पास ही तीन युवक धारदार हथियार से उसका मांस काट रहे थे।

ग्रामीणों के विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर नितिन व उनके साथियों पर हमला कर दिया, जिसमें नितिन घायल हो गए। शोर मचने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए थे।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। थाना पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक टीम गठित की गई।

पुलिस ने सिहुरा दारा शिकोह गांव के जंगल से महेंद्र पुत्र पूरन और उनकी पत्नी कलावती को गिरफ्तार किया। ये दोनों मध्यप्रदेश के श्योपुरी जनपद के पौरी थाना क्षेत्र के बावड़ी गांव के निवासी हैं और सिहुरा दारा शिकोह गांव में रह रहे थे। उनके पास से एक देशी बंदूक, बारूद का कंटेनर, पोटाश का डिब्बा, तीन रांगा के गोले, 58 छर्रे और एक शस्त्र लाइसेंस बरामद किया गया।

विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी महेंद्र को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।