
संवाददाता
कानपुर। नगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत शिवराजपुर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली तंबाकू, मसाला बनाने और बाजार में सप्लाई करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी तुलसी ब्रांड के कॉपीराइट का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में नकली पाउच और पैकिंग सामग्री बरामद की है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान फैज आलम निवासी आजाद नगर, बाबूपुरवा, टीपी नगर, कानपुर नगर, और रामसागर निवासी नवाबगंज गौतम, थाना महाराजपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, बरामदगी में 197 पैकेट ‘तुलसी सिल्वर’, 397 पैकेट ‘तुलसी गोल्डन’, लगभग 30,000 नकली पाउच और अन्य पैकिंग सामग्री शामिल है। बरामद सभी सामान को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है।
इस संबंध में शिवराजपुर पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
शिवराजपुर थानाध्यक्ष अमित सिंह ने बताया कि नकली और अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






