
संवाददाता
कानपुर। ममेरे भाई ने ही कस्टम जीएसटी इंस्पेक्टर के घर से 95 लाख की पुस्तैनी ज्वेलरी पार कर दी। ज़ब उन्हें चोरी की भनक लगी तो उन्होंने ममेरे भाई से घटना की पूछताछ की। जिसपर उसने घटना स्वीकार करते हुए ज्वेलरी एक सुनार की दुकान में बेचने की बात कही।
जिसके बाद परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की और पूछताछ के लिये सुनार को उठाया और उसके पास चोरी की कुछ ज्वेलरी भी बरामद कर ली। पुलिस ने मिली तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर आरोपी दोनों युवकों को जेल भेज दिया।
कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास सेक्टर चार निवासी अनीता सरोज ज्योतिषाचार्य है। परिवार में पति मनोज कुमार कस्टम में जीएसटी इंस्पेक्टर हैं। वर्तमान समय में वह बेंगलुरु में तैनात हैं। उनका एक बेटा है। अनीता ने बताया की वह पति के साथ अधिकतर बेंगलुरु में रहती है।
कल्याणपुर में उनकी बूढी मां सूरजकली ममेरे भाई छोटू उर्फ़ आकाश पुत्र बकोले निवासी फतेहपुर खागा के साथ रहती थीं। अनीता ने बताया की छोटू बचपन से ही मां की देख भाल करता था। तो उसपर विश्वास था।
8 महीने से आकाश घर की पुस्तैनी ज्वेलरी को अलमारी और लॉकर से निकालकर खागा के श्याम ज्वेलर्स के दुकान संचालक प्रिंस को बेच रहा था। चार दिन पहले वह बेंगलुरु से ज़ब पति के साथ घर आईं तो उन्होंने अलमारी और लॉकर खोलकर देखा तो उसमे रखी सारी ज्वेलरी गायब थी।
ज्वेलरी गायब देखकर उनके होश उड़ गए। जिसके बाद ज़ब उन्होंने आकाश से पूछताछ की तो वह पहले मना करता रहा। पुलिस का डर दिखाया तो उसने सच कबूल दिया। उसने बताया की सारा सामान चोरी करके फतेहपुर जनपद के खागा में श्याम ज्वेलर्स के संचालक प्रिंस को बेच दिया है।
जिसके बाद उन्होंने 112 नंबर डायल कर घटना की सूचना पुलिस को दी। जानकारी पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर श्याम ज्वेलर्स लेकर पहुंची तो आरोप है कि दुकान संचालक ने पहले से ही कई अधिवक्ताओं को बुला लिया और अनीता को रोक लिया।
उनके साथ अभद्रता भी की। पुलिस ने आरोपी ज्वेलर्स संचालक प्रिंस को गिरफ्तार करके उसके पास से कुछ ज्वेलरी भी बरामद कर ली।
अनीता के अनुसार युवक ने अलमारी और लॉकर में रखी करीब 95 लाख रुपये कि ज्वेलरी चोरी करके बेच दी है।
डीसीपी वेस्ट एस एम क़ासिम आबदी ने बताया कि घटना में दोनों को गिरफ्तार किया गया है पीड़िता कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। दोनों ही युवकों को जेल भेजा जा रहा है।






