March 4, 2026

—सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही ।

संवाददाता

कानपुर।   शहर के पनकी थाना क्षेत्र के नौरैयाखेड़ा में फिल्मी स्टाइल में आए बाइक सवार आधा दर्जन बदमाशों ने एक युवक के घर पर एक के बाद एक ताबड़तोड़ फायरिंग और बमबाजी कर दहशत फैला दी। फायरिंग की आवाज सुनकर इलाकाई लोग घरों से बाहर निकले तो बदमाशों ने धमकाते हुए उन्हें भीतर जाने की धमकी दी।बदमाशों की दहशत के चलते लोगों ने अपने के घरों में ही रहना मुनासिब समझा।फायरिंग और बमबाजी के दौरान एक महिला घायल हो गई। करीब 15 मिनट तक इलाके में दहशत फैलाने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पूरी घटना इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इलाकाई लोगों ने एक युवक को दबोच कर पुलिस को सौंप दिया है। पनकी नौरैयाखेड़ा निवासी जीतू सिंह चौहान ने बताया कि करीब 4 से 5 दिन पहले उसके छोटे भाई का पनकी निवासी अभय यदुवंशी से झगड़ा हो गया था। जिसके बाद उन्होंने समझौता करा दिया था। समझौता होने के बावजूद अभय व उसके साथी छोटे भाई को धमका रहे थे। जीतू ने बताया कि कल रात वह लाइब्रेरी में थे। रात करीब 2 बजे तीन बाइक सवार आधा दर्जन युवक उसके घर आए और गाली गलौज शुरू कर दी।
बाइक से उतर कर तीन बदमाश उसके घर के नीचे पहुंचे और एक के बाद एक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके के लोग बाहर निकले तो बाइक सवार बदमाशों ने इलाकाई लोगों को जान से मारने की धमकी दी, जिससे सहम कर लोग घरों में दुबक गए। इस दौरान मोहल्ले में स्थापित गणेश प्रतिमा पंडाल में सो रही जीतू की बहन नेहा ने विरोध किया।
बेखौफ बदमाश भागते हुए पहुंचे और बम मार कर फरार हो गए। जिससे बम के छर्रे नेहा के हाथ में लगने से वह घायल हो गई। जीतू ने बताया कि अभय का बड़ा भाई बीते 15 सालों से जेल में बंद है और वह इलाके में कई बार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका है।
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। 1 मिनट 25 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में बदमाश एक के बाद एक 6 फायर झोंकते हुए दिख रहे है। 

आसपास के लोगों ने एक युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है। 

गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होगी।