
संवाददाता
कानपुर। गोविंद नगर की दो घटनाओं में अलग अलग दो किशोरियों के साथ रेप की घटनाओं को अंजाम दिया गया। पहली घटना में कोचिंग से घर लौट रही 14 वर्षीय किशोरी को कार सवार ने अगवा कर होटल ले जाकर रेप किया। इसके बाद किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए घर से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गया।
वहीं दूसरी घटना में 13 वर्षीय किशोरी को घर बुलाकर रेप किया और उसके अश्लील फोटो बनाकर वायरल कर दिए। परिजनों के शिकायत करने पर किशोरी को तेजाब से नहलाने की धमकी दी। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पहले मामले में गोविंद नगर क्षेत्र निवासी महिला ने बताया कि उसकी बेटी सुबह कोचिंग जाने के लिए निकली थी, कोचिंग पहुंचने पर उसे छुट्टी की जानकारी हुई। जिस पर बेटी घर लौट रही थी। तभी एक सफेद रंग की डिजायर कार सवार युवक ने रास्ता रोक कर बेटी को जबरन बैठा लिया। इसके बाद बेटी को होटल ले गया, जहां उसके साथ रेप किया।
महिला ने बताया कि आरोपी ने बेटी को होटल में अपना नाम सागर बताया। घर लौटी किशोरी ने पूरी घटना परिजनों को बताई। परिजनों ने थाने पहुंच कर शिकायत दर्ज कराई।
दूसरे मामले में गोविंद नगर निवासी किशोरी की मां फैक्ट्री में काम करती है। महिला ने बताया कि इलाके के अपराधी प्रवृत्ति के सुमित ने उसकी 13 वर्षीय बेटी को अपने घर बुलाया और रेप कर अश्लील फोटो वीडियो बनाए। आरोप है कि काम पर जाने के बाद आरोपी बेटी को बुलाकर अश्लील हरकतें करता था। इस दौरान आरोपी ने किशोरी से अपने दोस्त से अश्लील संबंध बनाने का दबाव बनाया।
विरोध पर वीडियो और फोटो वायरल करने की धमकी दी। बीते 22 सितंबर को आरोपी ने किशोरी से दोस्तों पर संबंध बनाने का दबाव बनाया। मना करने पर अश्लील फोटो, वीडियो वायरल कर दिए। किशोरी की मां काम करके घर लौटीं तो पड़ोसियों ने बेटी की फोटो-वीडियो वायरल होने की जानकारी दी।
परिजन आरोपी सुमित के घर पहुंचे तो उसने पुलिस से शिकायत करने पर बेटी को तेजाब डालकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से किशोरी सहमी हुई है। गोविंद नगर इंस्पेक्टर रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।






