
संवाददाता
कानपुर। जन्माष्टमी के त्योहार को लेकर बाजारों में विशेष रौनक देखी गई। राधा-कृष्ण और लड्डू गोपाल के वस्त्रों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ रही ।
दुकानदारों के अनुसार, इस बार पीले वस्त्रों के साथ मल्टी कलर और मैचिंग कलर के वस्त्रों की मांग अधिक रही। श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर झांकियां सजाने के लिए गाय, मोर और रथ के खिलौने भी बिके। राधा-कृष्ण को बैठाने के लिए सजे हुए झूलों की भी अच्छी मांग रही।
बाजारों में कानों के कुंडल, हाथों के कड़े, मुकुट और बांसुरी की बिक्री भी जोरों पर रही। नग जड़े हुए और कपड़ों से मैचिंग वाले आभूषणों को खरीदारों द्वारा विशेष पसंद किया गया। एक खरीदार ने बताया कि उन्होंने मल्टी कलर के कपड़े और उनसे मैचिंग कड़े व मुकुट खरीदे।
शहर के शिवाला मार्केट में सबसे अधिक भीड़ देखी गई। जन्माष्टमी से पहले देर रात तक यहां खरीदारी का दौर चला। झांकियों की सजावट का सामान भी खूब बिका। बाजारों में रात भर चहल-पहल बनी रही ।
इसके अलावा शहर की प्रमुख बाजारों में पी रोड, गुमटी नंबर 5, आर्य नगर बर्रा गुजैनी नौबस्ता गोविंद नगर, लाल बंगला में भी जन्माष्टमी की तैयारी को लेकर भगवान के श्रंगार से लेकर झांकियां सजाने के सामान की जमकर खरीदारी हुई।






