
संवाददाता
कानपुर/लखनऊ। वरिष्ठ खेल पत्रकार एवं कई मीडिया संस्थानों के सम्पादक रहे संतोष सूरी का शनिवार तड़के हृदयाघात से निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। खेल की पत्रकारिता के इन्साइक्लोपीडिया’ और जेंटलमैन कहे जाने वाले पत्रकार संतोष सूरी के निधन से खेल पत्रकारिता जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
परिजनों के अनुसार, शनिवार भोर करीब तीन बजे सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें गोमतीनगर स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनका अंतिम संस्कार गोमती नगर स्थित बैकुंठ धाम में किया गया, जहां बड़ी संख्या में पत्रकारों और खेल जगत से जुड़ी हस्तियों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
संतोष सूरी को खेल पत्रकारिता में ‘परफेक्ट जेंटलमैन’ के रूप में जाना जाता था। वर्ष 1984 में टाइम्स ऑफ इंडिया के लखनऊ संस्करण से अपने करियर की शुरुआत करने वाले सूरी ने 2016 में सेवानिवृत्ति के बाद भी अपनी सक्रियता बरकरार रखी और मिड-डे के साथ जुड़कर क्रिकेट रिपोर्टिंग करते रहे। करीब छह दशक के अपने लंबे करियर में उन्होंने क्रिकेट विश्व कप सहित अनेक अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों को कवर किया।
खेल की गहरी समझ और सरल, सटीक विश्लेषण उनकी पहचान थी। उत्तर प्रदेश क्रिकेट पर उनकी पकड़ इतनी मजबूत थी कि साथी पत्रकार उन्हें ‘यूपी क्रिकेट का इन्साइक्लोपीडिया’ कहा करते थे। वरिष्ठ पत्रकार असीम मुखर्जी और सैयद सबूर मोहम्मद के अनुसार, सूरी उत्तर प्रदेश क्रिकेट पर एक विस्तृत पुस्तक लिखने की योजना बना रहे थे।
1958 में जर्मनी के बर्लिन में जन्मे सूरी ने बेंगलुरु से पत्रकारिता की शुरुआत की और जामनगर व पटियाला में भी लंबे समय तक कार्य किया। पत्रकारिता के साथ-साथ क्रिकेट उनका जुनून था। वह मध्यम तेज गेंदबाज के रूप में कई क्लबों से जुड़े रहे। पूर्व भारतीय क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू के साथ उन्होंने क्रिकेट खेला, वहीं 90 के दशक में शीशमहल क्रिकेट टूर्नामेंट में डीसीए-11 की ओर से खेलते हुए उन्होंने अजय जडेजा जैसे बल्लेबाज को शून्य पर आउट कर अपनी गेंदबाजी का लोहा मनवाया था।
सूरी के सानिध्य में कई युवा पत्रकारों ने खेल पत्रकारिता की बारीकियां सीखीं। उनके निधन को खेल पत्रकारिता के एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है।
परिवार में उनकी पत्नी ग्लोरिया और बेटी निकिता हैं। उनके निधन पर विभिन्न खेल संगठनों, पत्रकार संघों और खेल जगत की हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।






