March 16, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
चौबेपुर कस्बे में सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की गैस एजेंसी के गोदाम से हुई सिलेंडर चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने चोरी के 43 गैस सिलेंडर बरामद करते हुए सात आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।
कस्बे में बेला रोड स्थित सपा विधायक अमिताभ बाजपेई की एचपी गैस एजेंसी के गोदाम में 24 फरवरी की रात चोरों ने ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। चोर गोदाम से 127 भरे सिलेंडर, सात खाली सिलेंडर और तीन कॉमर्शियल सिलेंडर चोरी कर ले गए थे।
अगली सुबह जब गैस एजेंसी के कर्मचारी गोदाम पहुंचे तो ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। इस पर कस्बा निवासी शशिकांत पांडेय की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। सर्विलांस टीम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। करीब एक सप्ताह की पड़ताल के बाद पुलिस को आरोपितों के बारे में अहम सुराग मिल गए।
पुलिस ने छापेमारी कर शिवराजपुर थाना क्षेत्र के मुंहपोछा गांव निवासी आदित्य, मानपुर निवासी प्रांशु सिंह, उदेतपुर निवासी आर्यन तिवारी और प्रवीण तिवारी, दुबियाना निवासी आयुष कठेरिया, चौबेपुर थाना क्षेत्र के हिंदूपुर निवासी प्रांशु गौतम और तरियानी निवासी संतोष कुशवाह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर चोरी के 43 गैस सिलेंडर बरामद किए। इसके साथ ही विभिन्न ब्रांड की 125 क्वार्टर देसी व अंग्रेजी शराब भी बरामद की गई। थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सभी आरोपितों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।

Related News