
संवाददाता
कानपुर। पतारा कस्बे में एक महिला के साथ धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यूपी बड़ौदा बैंक से पैसे निकालकर आ रही द्रोपदी देवी के साथ दो अज्ञात युवकों ने ठगी की।
प्रतापपुर मजरा की रहने वाली द्रोपदी देवी परिवार के सदस्य के इलाज के लिए बैंक से पैसे निकालकर लाई थीं। बारिश के कारण उन्होंने 5 हजार रुपए पॉलीथीन में रख लिए थे। चौकी रोड तिराहे पर वह घरेलू सामान खरीदने जा रही थीं। हाईवे किनारे खड़े दो युवकों ने उन्हें रोका। युवकों ने रोहित कुमार नाम की एक पर्ची दिखाई। पर्ची पर 2 लाख रुपये अंकित थे। युवकों ने महिला से कहा कि वे यह पैसे उनके खाते में डलवाना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने महिला को अखबार की रद्दी थमाई और पॉलीथीन में रखे 5 हजार रुपए लेकर फरार हो गए।
पीड़िता ने पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, ठगों की तलाश जारी है।






