
संवाददाता
कानपुर। एक युवक ने सुसाइड करने से पहले अपनी प्रेमिका को पंखे से लटकता हुआ फंदे का वीडियो बनाकर भेजा था। वाट्सएप पर स्टेट्स देखकर दोस्त ने उसके परिजनों को जानकारी दी, परिजन जब तक मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मैं अपनी लाइफ बिना किसी दबाव या किसी के कहने पर, किसी के जाने पर खत्म कर रहा हूं… प्लीज किसी पर कोई रिएक्शन नही किया जाए… क्योंकि सबने मेरा साथ दिया, हमने अच्छा बिहेवियर किया… मैं तंग आ गया हूं अपनी लाइफ से, इसलिए अपने आप को खत्म कर रहा हूं… वाट्सएप पर चंद लाइनों का यह स्टेट्स लगाकर रावतपुर में मेस केयर टेकर ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया।
मूलरूप से बलिया के चंदवार गांव निवासी लकी सिंह रावतपुर के छपेड़ा पुलिया स्थित बाबा आनंदेश्वर भोजनालय में केयर टेकर का काम करते थे। माता-पिता की मौत होने के बाद वह अपने मौसा बृजेश के घर पर 2014 से रावतपुर में रह रहे थे। बृजेश ने बताया कि उसका बीते जनवरी माह से बर्रा थानाक्षेत्र की एक युवती से अफेयर चल रहा था।
जिसकी शादी तय होने के बाद वह मानसिक तनाव में चल रहा था। बृजेश के मुताबिक सोमवार शाम को वह पत्नी सुनीता के साथ लखनऊ, बक्शी का तालाब स्थित चंद्रिका देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे, जबकि उनका बेटा आर्यन घर पर ही था। आर्यन के मुताबिक सोमवार रात करीब 10 बजे वह रोटी लेने के लिए भोजनालय गया था, जहां उसने लकी का रोटी बनाते हुए वीडियो भी बनाया था।
आर्यन ने बताया कि इस दौरान वह किसी तनाव में नहीं लग रहा था, रात करीब 11 बजे रोटी लेकर वह घर आ गया। जिसके बाद लकी ने पहले भोजनालय में लगे पंखे पर फंदा लगाया, इसके बाद वीडियो बनाकर प्रेमिका को भेजा, फिर वाट्सएप पर स्टेट्स लगाकर सुसाइड कर लिया। इस दौरान दोस्त मोहित ने उसका वाट्सएप स्टेटस देख परिजनों को जानकारी दी। परिजन जबतक मौके पर पहुंचे तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बृजेश ने बताया कि उसने लकी को अर्थ मूवर्स का कोर्स कराया था, जिसके बाद उसकी विदेश में नौकरी लगने वाली थी।
रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि घटना की जानकारी पर जांच पड़ताल करके शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।






