
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक संदिग्ध मामला सामने आया। जानकारी के अनुसार, पुरवामीर नेशनल हाईवे पर स्थित परमहंस ढाबे पर रात करीब दो बजे कार सवार चार युवक पहुंचे। ढाबा संचालक का कहना है कि सभी युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने वहां खाना खाया।
खाना खाने के बाद अचानक तीन युवक वहां से भाग निकले। चौथा युवक, जिसके पास काफी मात्रा में नकदी थी, उसे जब ढाबा संचालक ने कार को साइड में लगाने को कहा, तो वह भी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वहां छोड़ी गई कार नई बताई जा रही है। कार पर कोई नंबर प्लेट नहीं है और उसके अंदर फूल-माला रखी हुई मिली है।
महाराजपुर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।






