March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र में एक युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। पिता के घर लौटने पर घटना का खुलासा हुआ। सूचना पाकर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। फिलहाल युवती के आत्महत्या करने का कारण सामने नहीं आ सका है।
रायबरेली जिले के सिमरी चौराहा निवासी प्रेमलाल यादव ने पुलिस को बताया कि वह सेन पश्चिम पारा क्षेत्र के सतबरी रोड पर किराए के मकान में रहते हैं और रनियां स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में नौकरी करते हैं। उनकी 30 वर्षीय बेटी जया उनके साथ रहती थी। रात घर लौटने पर प्रेमलाल ने जया को दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर सेन पश्चिम पारा पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर साक्ष्य जुटाए। 

थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि मौके पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्टता ज्ञात होगी।
युवती के आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि परिजनों से पूछताछ और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।