March 28, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
नवरात्र के दौरान काली मठिया मंदिर में दर्शन करने आईं 4 महिलाओं की चेन चोरी हो गई। एक श्रद्धालु ने आरोपी महिला को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने बताया कि 2 दिन में 4 महिलाओं की चेन व मंगलसूत्र चोरी हुए हैं। काकादेव पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी महिला के खिलाफ कार्रवाई की गई  है।
विजय नगर की रहने वाली कोमल गुप्ता ने बताया कि मैं काली मठिया मंदिर में दर्शन करने गई थी। इस बीच भीड़ का फायदा उठाकर एक महिला ने मेरी चेन तोड़ ली, हालांकि मैंने आरोपी महिला को रंगेहाथ पकड़ लिया। इसके बाद महिला को पीटने के बाद मंदिर में मौजूद मिशन शक्ति की टीम को सौंप कर मुकदमा दर्ज कराया गया ।
वहीं शास्त्री नगर के रहने वाले वात्सेय त्रिपाठी ने बताया कि मेरी मां मंजू मंदिर गईं थी, जहां उनकी चेन चोरी हो गई थी। उनके अलावा 2 अन्य महिलाओं की चेन चोरी हुई है।
काकादेव थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि पीड़िता कोमल गुप्ता की शिकायत पर आरोपी महिला सुनीता निवासी अजगैन, उन्नाव को जेल भेजा गया है। अन्य किसी महिला ने कोई शिकायत नहीं की है।