March 5, 2026

संवाददाता

कानपुर। अगले तीन दिनों तक कड़ी धूप और उमस का मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग ने 22 अगस्त से बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद से तापमान में कुछ कमी दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश न होने का कारण ट्रफ लाइन का नीचे खिसक जाना है। वर्तमान में तापमान सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि ट्रफ लाइन अब गुजरात के नलिया से महाराष्ट्र के जलगांव और ब्रह्मपुरी होते हुए सेंट्रल बंगाल की खाड़ी तक पहुंच गई है। इससे कानपुर मंडल समेत उत्तर भारत में बारिश कम हो गई है।
शहर में अगले तीन दिन तेज धूप के साथ हल्के बादल छाए रहेंगे। बुधवार की शाम से रात तक कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी की संभावना है।
सीएसए के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से क्रमशः 2.8 डिग्री और 1.7 डिग्री अधिक है। तापमान बढ़ने के साथ-साथ उमस से लोग परेशान रहेंगे।