
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर में जेवरात साफ करने की बात कहकर दो टप्पेबाजों ने महिला की चेन पार कर दी। टप्पेबाजों ने पहले बर्तन साफ कर महिला को झांसे में लिया, फिर सोने की चेन को डिब्बे में विशेष पाउडर डाल कर बंद कर दिया। इसके बाद कुछ देर बाद खोलने की बात कह कर निकल गए। आरोपियों के जाने के बाद डिब्बा खोलने पर चेन गायब मिली। पीड़िता ने कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
आवास विकास–1 निवासी प्रियंका देवी ने बताया कि दोपहर दो युवक घर आए और गहने व तांबे के बर्तन साफ करने की बात कहने लगे। युवकों ने तांबे का लोटा साफ करने के बाद उनसे गले में पड़ी चेन साफ करा लेने की बात कही।
जिस पर उन्होंने अपनी चेन उतार कर युवकों को दे दी। शातिरों ने लोहे के डिब्बे में हल्दी मिला गर्म पानी लिया। जिसमें एक विशेष पाउडर व चेन को डालकर उसे बंद कर दिया। साथ ही ठंडा हो जाने पर डिब्बा खोलने की बात कहते हुए शातिर वहां से निकल गए।
कुछ देर बाद जब प्रियंका ने डिब्बा खोला, तो उसमें रखी चेन गायब थी। कल्याणपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।






