
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील स्थित बेहटा सकत गांव की सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। बारिश के दौरान सड़क पर जलभराव और कीचड़ जमा हो जाता है, जिससे ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस सेवा को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पूर्व प्रधान नीरज ने बताया कि यह सड़क डिफेंस कॉरिडोर और नरवल तहसील से जुड़ी हुई है। इसी मार्ग पर खाद बीज भंडार की सहकारी समिति भी स्थित है। बच्चे स्कूल जाते समय या एंबुलेंस आपातकालीन मरीज को ले जाने के समय अक्सर फिसलने और फंसने की स्थिति में पड़ जाते हैं।
ग्रामीणों ने कई बार एसडीएम और डीएम को सड़क की स्थिति के बारे में अवगत कराया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकला। बारिश के पानी के जमा होने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ गए हैं।
स्थानीय लोग बताते हैं कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे साइकिल या मोटरसाइकिल से यात्रा करते समय गिरने की घटनाएं हो रही हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि सड़क पर कीचड़ और गड्ढों के कारण बच्चों के फिसलने और वाहन फंसने की समस्या लगातार बनी रहती है। एंबुलेंस और अन्य वाहन सवारों को इस सड़क से गुजरते समय अक्सर बाधाओं का सामना करते हैं।
इसके लिए पीडब्ल्यूडी और मंडी समिति को भी शिकायतें भेजी गईं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जोर देकर कहा कि यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। सड़क की खराब स्थिति से जनजीवन प्रभावित हो रहा है और स्वास्थ्य जोखिम बढ़ रहे हैं। ग्रामीणो ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया हैं कि इस सड़क की मरम्मत करके समस्या का उचित निस्तारण जल्द से जल्द किया जाए।






