March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
महिला कॉन्स्टेबल से लूट करने वाले चप्पल कारीगर को सीसामऊ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके फरार साथी की तलाश में पुलिस जुटी है। 

28 दिसंबर की सुबह नाइट ड्यूटी से लौटते समय पी रोड पर स्कूटी सवार दो लोगों ने महिला कॉन्स्टेबल का पर्स छीना था। पर्स में 10 हजार की नकदी थी। दोनों शातिर रात से शराब पीकर लूट की फिराक में घूम रहे थे। 28 दिसंबर की सुबह करीब 7 बजे लुटेरों ने घटना को अंजाम दिया था।
चमनगंज में रहने वाली महिला सिपाही पिंकी पाल महिला थाने में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं। 28 दिसंबर की सुबह वह ड्यूटी खत्म करके अपने आवास चमनगंज जा रही थीं। वह पी रोड पर ऑटो से उतरीं, तभी रास्ते में पंचम पनीर वाले के पास स्कूटी से आए दो लुटेरे उनके हाथ से पर्स छीनकर भाग निकले।
कॉन्स्टेबल ने बताया कि पर्स में दस हजार रुपए, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य जरूरी दस्तावेज थे। घटना के बाद कॉन्स्टेबल ने मामले की शिकायत सीसामऊ थाने में की थी। इसके बाद पुलिस लुटेरों की तलाश में लगी थी।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले कंघी मोहाल निवासी मारूफ को गिरफ्तार किया गया है। वह चप्पल कारखाने में काम करता है। 27 दिसंबर की रात 10 बजे से मारूफ अपने एक अन्य साथी के साथ शराब पीकर इलाके में घूम रहा था।
पैसे खत्म होने के बाद दोनों लूट की वारदात करने की फिराक में थे। 28 दिसंबर की सुबह करीब 6:45 पर महिला सिपाही को देख उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दिया। इसके बाद वह चमनगंज गए, जहां से अजमेरी चौराहा होकर घंटाघर की ओर निकल गए। 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है।