February 13, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
मामा के घर रह रही भांजी ने उन्हीं के चूना लगा दिया। युवती ने चार लाख का माल मामा के यहां से उड़ाया और अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। घर पर युवती का मोबाइल मिला। जिसमें व्हाट्स एप चैट मिली इससे घटना का खुलासा हो सका। पीड़ित मामा ने रावतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रावतपुर आनंद नगर निवासी नफीस खान ने बताया कि उसकी 18 साल की भांजी उनके घर में ही बचपन से रह रही है। उनकी भांजी बिना कुछ बताए घर से अचानक कहीं चली गई। काफी खोजबीन की लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। उसका मोबाइल घर पर ही छूट गया था। व्हाट्सएप चैट में किसी लड़के से बातचीत की पुष्टि हुई है। उसमें उसने नगदी और जेवर लेकर घर से भागने की बात लिखी है।शक होने पर घर में देखा तो पत्नी के जेवरों में एक सोने की चेन, दो अंगूठी, पायल और दो लाख नगद सहित करीब चार लाख का माल गायब था। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। 

इंस्पेक्टर रावतपुर केके मिश्रा ने बताया कि जिस मोबाइल नम्बर पर मैसेज किए गए थे। उसकी सीडीआर और लोकेशन निकलवाई जा रही है। जल्द ही दोनों को बरामद करके माल भी बरामद किया जाएगा। 

Related News