
संवाददाता
कानपुर। शहर का मौसम इस समय लगातार बदल रहा है। कभी तेज बारिश से मौसम सुहाना हो जाता है तो कभी तेज धूप से उमस परेशान करने लगती हैं। गुरुवार को दिनभर बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बारिश हुई। हल्की फुल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा।
अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम दर्ज किया गया।
दिनभर में आर्द्रता 85 से 68 प्रतिशत के बीच बनी रही और हवा की औसत गति 12 किलोमीटर प्रति घंटा दक्षिण से पूर्वी दिशा में चली। बीते 24 घंटों में 21.1 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, आगामी 2 दिनों अर्थात 6 सितंबर तक शहर में हल्के बादल छाए रहने की संभावना है।
इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि भारी बारिश की संभावना बहुत कम है, लेकिन शाम के समय हल्की से मध्यम बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि टर्फ लाइन फिलहाल अपनी सामान्य स्थिति में है। यह राजस्थान के बीकानेर और जयपुर होते हुए मध्य प्रदेश के दमोह, छत्तीसगढ़ के पेंड्रारोड और उड़ीसा के संबलपुर से गुजरते हुए पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है।
इसके अलावा, बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम हिस्से में उत्तरी ओडिशा तट से दूर एक निम्न दाब क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवातीय परिसंचरण माध्य समुद्र तल से 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है।
मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के भीतर यह सिस्टम उत्तरी ओडिशा और आसपास के झारखंड व उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर आगे बढ़ेगा।






