February 17, 2026

संवाददाता

कानपुर। रावतपुर थाना क्षेत्र में दबंगों ने घर के बाहर खड़ी कार में बम फोड़कर दहशत फैला दी। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। बाहर देखा तो कार धू-धू कर जल रही थी। कार मालिक ने तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी। मौके पर पहुंची रावतपुर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हसनपुर निवासी मनमोहन यादव निजी नौकरी करते हैं, मनमोहन ने बताया कि वह ऑफिस से लौटे और कार घर के बाहर खड़ी कर दी थी। देर रात जोरदार धमाका हुआ। बाहर निकलने पर कार में आग लगी मिली।
उन्होंने बताया कि तीन दिन पहले गाड़ी निकालने को लेकर दो बाइक सवार युवकों से कहासुनी हुई थी। इसके अलावा उनकी किसी से रंजिश नहीं है। आशंका है कि उसी विवाद में वारदात को अंजाम दिया गया।
डीसीपी वेस्ट कासिम आबिदी ने बताया कि 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि घटना किसने और क्यों की। पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

Related News