
संवाददाता
कानपुर। मौसम दिन पर दिन गर्मी की तरफ बढ़ता जा रहा है। बरसात के बाद लगातार पारा चढ़ता जा रहा है। इस कारण मंगलवार को अधिकतम पारा 36.2 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक की माने तो अभी यह गर्मी और बढ़ेगी, इसके अलावा उमस भरी गर्मी से भी लोगों को सामना करना पड़ेगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. एस एन सुनील पांडे ने बताया कि अधिकतम पारा 36.2 डिग्री दर्ज किया गया है तो वहीं न्यूनतम पारा 26.02 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
अधिकतम आर्द्रता 75 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 61 प्रतिशत रिकॉर्ड हुई है। हवा की औसत गति 3.4 किमी प्रति घंटा के हिसाब से पूर्व की ओर चली है।
मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 5 दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है।
प्रो. पांडेय ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण पश्चिमी राजस्थान और उससे निकटवर्ती पाकिस्तान पर मध्य समुद्र तल से 3.1 किमी की ऊंचाई पर सक्रिय है। यह ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है।
मानसून ट्रफ मध्य समुद्र तल पर जम्मू, चंडीगढ़, सरसावा, फतेहगढ़, वाराणसी, रांची, दीघा से होकर पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिणी ओडिशा और उसके आसपास स्थित है तथा समुद्र तल से 5.8 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण-पूर्व की ओर झुका हुआ है।
24 जुलाई के आसपास उत्तरी बंगाल की खाड़ी पर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है।






