—कुत्ते के हमले से घायल वैष्णवी साहू का दो चरणों में होगा इलाज।

संवाददाता
कानपुर। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ संजय काला ने कुत्ते के हमले से गंभीर रूप से घायल छात्रा के निःशुल्क इलाज की जिम्मेदारी का ऐलान किया है। छात्रा का इलाज दो चरणों में किया जायेगा।जिसमे पहले चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी की जायेगी उसके बाद अन्य घावों की।बताते चलें कि बीते दिनों श्याम नगर इलाके में वैष्णवी साहू को कुत्तों ने हमला कर बुरी तरह से घायल कर दिया था। लड़की का रामादेवी स्थित कांशीराम अस्पताल में प्राथमिक इलाज हुआ था। इसके बाद उसे घर भेज दिया था। लेकिन उसके बाद उसके गाल में संक्रमण बढ़ता जा रहा था। ऐसे में गणेश शंकर मेडिकल कॉलेज कानपुर के डॉक्टर वैष्णवी का मुफ्त इलाज ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि प्राचार्य डॉ. संजय काला ने उसे गोद भी ले लिया है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने बताया कि वैष्णवी साहू के चेहरे पर चोट होने के कारण उसका मुंह नहीं खुल पा रहा था। काशीराम अस्पताल में उसको टांके लगाए गए थे, उन्होंने अपना काम अच्छी तरह से किया था।
लेकिन कुत्ते के काटने के कारण घर पर फिर से संक्रमण फैल रहा था। इस कारण उसका मुंह नहीं खुल पा रहा है और खाने पीने के लिए असमर्थ थी। फिर यहां के सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने उसको देखा।
प्लास्टिक सर्जन ने छात्रा को पीएमएसएसवाई के वार्ड में भर्ती किया । यहां पर पहले दिन उसका ऑपरेशन किया गया। चेहरे पर काफी ज्यादा पस पड़ चुका था उसे वॉश किया गया था। अभी डाक्टर वेट कर रहे है कि उसका संक्रमण थोड़ा थम जाए। इसके बाद टांके लगाए जाएंगे।
डॉ. काला ने बताया कि करीब 20 हजार रुपए के इंजेक्शन अपनी तरफ से मंगवा लिए हैं, जोकि वैष्णवी को निशुल्क लगाए जाएंगे। अब हमने बच्ची को गोद ले लिया है, वो हमारी अपनी बेटी है और जीएसवीएम की बेटी हैं।
डॉ. काला ने बताया कि वैष्णवी साहू को प्राइवेट रूम में रखा गया है। उसने करीब 6 दिन बाद कुछ खाया पीया भी हैं। अभी तक वो सिर्फ तरल पदार्थ ही ले रही थी, लेकिन अब कुछ ठोस पदार्थ भी लेना शुरू कर दिया है।
हम लोग उसका दो चरणों में उपचार करेंगे। अभी प्लास्टिक सर्जरी करने के बाद फिर दो सप्ताह बाद उसके चेहरे को देखेंगे। अगर फिर से किसी सर्जरी की जरूरत पड़ेगी तो उसका इलाज दोबारा भी निशुल्क किया जाएगा।






