
संवाददाता
कानपुर। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में अजब-गजब केस दर्ज हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक दहेज न मिलने पर पति और ससुरालियों ने महिला को कमरे में बंद कर दिया और नाली से अंदर सांप छोड़ दिया। सांप ने महिला को डस लिया। वह चीखती रही पर ससुरालीजन उसे बचाने की जगह बाहर हंसते रहे।
सूचना मिलने पर पहुंची बहन ने उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां महिला का इलाज चल रहा है। पति समेत सात ससुरालियों पर गैर इरादतन हत्या के प्रयास समेत कई आरोपों में केस दर्ज किया गया है।
चमनगंज की रिजवाना ने बताया कि 19 मार्च 2021 को उनकी बहन रेशमा का निकाह कर्नलगंज निवासी शहनवाज से हुआ था। शादी के कुछ दिनों बाद ही दहेज को लेकर ससुरालीजन बहन को ताने मारने के साथ ही यातनाएं देने लगे थे।
पिता ने जैसे-तैसे डेढ़ लाख रुपये दिए। फिर पांच लाख की और मांग पूरी न होने पर बीती 18 सितंबर को पति, ससुर, सास ने प्रताड़ित कर बहन को बरसों से बंद एक कमरे में जबरन सोने के लिए भेज दिया।
उसे कमरे में बंद करने के बाद अंदर सांप छोड़ दिया गया। देर रात रेशमा के पैर में सांप ने काट लिया। ससुरालियों ने रेशमा को जानबूझकर सांप से कटवाकर मारने की कोशिश की।
दर्द से तड़प रही रेशमा ने फोन करके आपबीती बहन को बताई, ससुराल पहुंची बहन रिजवाना ने लड़-झगड़कर कमरे से बहन को मुक्त कराया और गंभीर हालत में हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका लगातार इलाज चल रहा है।
रिजवाना का आरोप है कि जिस वक्त बहन रेशमा को कमरे में जबरन बंद किया उसके कुछ समय बाद ससुरालियों ने कमरे में सांप छोड़ दिया। पैर में सांप काटने के बाद रेशमा चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन दरवाजा खोलने के बजाय पति समेत सभी ससुरालीजन जोर जोर से हंसते रहे।
थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर पर पति, सास-ससुर, जेठ, ननदों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।






