
संवाददाता
कानपुर। आईसीसी के टी 20 वर्ल्ड कप का कारवां अब अपने रोमांचक मोड़ पर पहुँच गया है, जहां भारत और अमेरिका की टीमें आमने-सामने होने वाली हैं। मुंबई के ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों का जोश सातवें आसमान पर है।
कानपुर के ‘चाइनामैन’ गेंदबाज कुलदीव यादव पर भी फैंस की निगाह टीकी है। फैंस को उम्मीद है, कि वानखेड़े की पिच पर कुलदीप अपनी फिरकी से अमेरिकी बल्लेबाजों को नाच नचाएंगे और कम से कम 5-6 विकेट चटकाएंगे।
मैच की रणनीति को लेकर युवाओं का सुझाव है कि भारत को टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करनी चाहिए और 210 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करना चाहिए ताकि विपक्षी टीम पर शुरुआत से ही दबाव बनाया जा सके।
कानपुर में फैंस ने बातचीत के दौरान भरोसा जताया कि अगर ईशान और अभिषेक का बल्ला चला, तो स्कोरबोर्ड पर 280 रन जैसा विशाल लक्ष्य भी नामुमकिन नहीं है। युवा फैंस का कहना है कि टीम का तालमेल इस वक्त बेहतरीन है, जो जीत की सबसे बड़ी वजह बनेगा।
मैच के उत्साह के बीच हाल ही में पाकिस्तान क्रिकेट को लेकर आई खबरों पर भी फैंस ने तीखी प्रतिक्रिया दी। फैंस ने इसे सीधे तौर पर ‘डर’ करार दिया। फैंस का कहना है कि अंडर-19 में मिली करारी शिकस्त के बाद पाकिस्तान अब भारतीय टीम का सामना करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। उनके मुताबिक, टीम इंडिया का मौजूदा फॉर्म देखकर प्रतिद्वंद्वी टीमें मैदान पर उतरने से घबरा रही हैं।
वानखेड़े का मैदान एक हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए तैयार है। नए जोश और नए जज्बे से लबरेज यह टीम इंडिया न केवल तकनीकी रूप से मजबूत दिख रही है, बल्कि मानसिक रूप से भी विरोधियों पर हावी है। अब देखना यह होगा कि क्या अभिषेक शर्मा का तूफान और कुलदीप यादव की फिरकी कल मैदान पर वही करिश्मा कर पाती है जिसकी उम्मीद करोड़ों फैंस लगाए बैठे हैं।






