February 25, 2026

संवाददाता 

कानपुर। मौसम का मिजाज अब गर्म होने लगा है। 20 साल पहले भी फरवरी माह में इतना ही तापमान दर्ज किया गया था। सोमवार को अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक रहा। 2006 में भी अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री दर्ज किया गया था।
इससे पहले 19 फरवरी को न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री पहुंच गया। 1971 के बाद अभी तक यह सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार महीने के अंत तक तापमान 30-31 डिग्री तक पहुंचेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले 24 घंटे तक उत्तर पश्चिमी हवा से राहत मिलेगी।
सोमवार को न्यूनतम तापमान 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम रहा। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि दिन में तेज धूप निकलने से तापमान बढ़ा रहेगा। हालांकि हवाएं तापमान पर नियंत्रण रखेंगी।
मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि फरवरी के अंत में तापमान का सामान्य से अधिक होना रबी की फसलों, विशेषकर गेहूं, सरसों और चने के लिए काफी हानिकारक साबित हो सकता है।
इस समय फसलें अपने विकास के महत्वपूर्ण चरणों जैसे फूल आना और दाना बनना में होती हैं। अचानक बढ़ी गर्मी से समय से पहले पकना, पैदावार में गिरावट, गुणवत्ता पर असर, कीटों का प्रकोप और नमी की कमी होगी।