February 23, 2026

पकड़ी गई फैक्ट्री में ‘एक्स्ट्रा फ्रेश’ और ‘कुकिंग मीडियम’ नाम से बनाया जा रहा था नकली घी।

संवाददाता 

कानपुर। नगर खाद्य विभाग की टीम ने कल्याणपुर थाना क्षेत्र के आवास विकास क्षेत्र के एक मकान में छापा मारकर नकली घी बनाने वाली फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। टीम को मौके से हजारों लीटर नकली घी, रैपर और पैकिंग सामग्री मिली है। विभाग को कई दिनों से यहां अवैध रूप से घी बनाने की सूचना मिल रही थी।

छापे के दौरान टीम को देखते ही वहां काम कर रहे कई लोग भाग निकले। फैक्ट्री संचालक अमन गुप्ता ने शुरू में दरवाजा बंद कर खुद को बीमार बताया और पूछताछ से बचने की कोशिश की। बाद में टीम ने दरवाजा खुलवाकर जांच की, लेकिन संचालक वैध लाइसेंस नहीं दिखा सका। इसके बाद टीम ने माल जब्त कर कागजी कार्रवाई शुरू कर दी।

जांच में पता चला कि फैक्ट्री में “एक्स्ट्रा फ्रेश” और “कुकिंग मीडियम” नाम से घी पैक कर प्रदेश के कई जिलों में सप्लाई किया जा रहा था। पूछताछ के दौरान पनकी में भी इसी नाम से एक और फैक्ट्री संचालित होने की जानकारी मिली। इसके बाद विभाग की एक टीम पनकी स्थित यूनिट की जांच के लिए रवाना हुई।

असिस्टेंट फूड कमिश्नर संजय प्रताप सिंह ने बताया कि दो स्थानों पर फैक्ट्री संचालित होने की पुष्टि हुई है और दोनों का संचालन अमन गुप्ता द्वारा किया जा रहा था। फिलहाल दोनों जगहों पर जांच जारी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।