November 13, 2025

संवाददाता
कानपुर।
ककवन थाना क्षेत्र के लोधन पुरवा गांव में एक महिला कृषक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के अनुसार धान की खराब फसल देखकर उनकी तबीयत बिगड़ी थी। मृतका की पहचान प्रेमचंद्र राजपूत की पत्नी माधुरी राजपूत के रूप में हुई है।
माधुरी बारिश के बाद अपनी धान की फसल का निरीक्षण करने खेत गई थीं। फसल खराब देखकर उन्हें अचानक ब्लड प्रेशर गिरने और पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई। परिजन उन्हें तत्काल बिल्हौर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि फसल खराब होने का सदमा लगने से ही माधुरी की हालत बिगड़ी थी। हालांकि, प्रशासन ने इस मामले में अलग रुख अपनाया है। उप जिलाधिकारी संजीव दीक्षित ने कहा कि फसल क्षति निर्धारित मानकों के अनुसार नहीं है, इसलिए सरकारी मुआवजे का प्रावधान नहीं बनता।
संजीव दीक्षित ने यह भी बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति का आकलन कर व्यक्तिगत आधार पर मदद दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
इस घटना की जानकारी मिलने पर ककवन ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और सपा विधान सभा अध्यक्ष विनय यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतका परिवार की मुख्य आय का साधन थीं, जबकि उनके पति ऑटो चालक हैं।
विनय यादव ने आरोप लगाया कि गांव में धान की फसल खराब होने के बावजूद लेखपाल सहित कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। उन्होंने सरकार से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मदद नहीं मिली तो समाजवादी पार्टी किसानों के समर्थन में आंदोलन करेगी।
इस दौरान हरी वर्मा, रामलाल वर्मा, राहुल वर्मा, राकेश वर्मा, रामविलास वर्मा, मोहनलाल वर्मा और अनिरुद्ध यादव सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।