March 14, 2026

संवाददाता

कानपुर। चकेरी में महिला सफाई कर्मचारी को नाबालिग कार चालक ने रौंद दिया। हादसे के बाद कार ईंटों के ढेर में जा टकराई। आसपास के लोगों ने कार सवार दो किशोरों को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल सफाई कर्मचारी को कांशीराम अस्पताल में पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में परिजन निजी अस्पताल ले गए।
इलाज के दौरान महिला सफाई कर्मचारी की मौत हो गई। जानकारी पर सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी एकत्र हुए और आरोपियों पर कार्रवाई और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया।
पटेल नगर निवासी सुनील और उनकी पत्नी गुड्‌डन नगर निगम में संविदा सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत है। उनके दो बच्चे पवन और तन्नू है। सुनील ने बताया कि उनकी पत्नी की ड्यूटी वार्ड 28 में लाल बंगला से केडीए चौराहा तक है। कल सुबह गुड्‌डन क्षेत्र में सफाई का काम कर रही थीं। तभी केडीए चौराहे के पास एक तेज रफ्तार कार सवार ने रौंद दिया।
इस दौरान कार सवार ने भागने का प्रयास किया लेकिन पास ही लगे ईंटों के ढेर में कार टकरा गई, जिससे कार चालक किशोर के सिर में भी चोट लग गई। इलाकाई लोगों ने कार सवार दो किशोरों को पकड़ कर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महिला को कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से परिजन उसे हैलट व फिर निजी अस्पताल ले गए, जहां गुड‌्डन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजन और सफाई कर्मचारियों ने कार सवार किशोरों के खिलाफ एफआईआर और मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। 

चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि कार कुली बाजार निवासी सना गुलजार के नाम पर रजिस्टर्ड है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।